01HREG399 गणेश जोशी ने आईएनएस विक्रांत का किया अवलोकन
देहरादून, 1 मार्च (हि.स.)। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने अपने केरल दौरे के तीसरे दिन कोच्चि के कोचीन शिपयार्ड पहुंच कर देश का पहला स्वदेशी विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत का अवलोकन किया।
इस मौके कृषि मंत्री गणेश जोशी के साथ नौसेना के तमाम वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। मंत्री गणेश जोशी ने आईएनएस विक्रांत की भूरि-भूरि प्रशंसा की और भारतीय नौसेना के अधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं भी दी। इस दौरान मंत्री गणेश जोशी ने भारतीय नौसेना में शामिल उत्तराखंड के अधिकारियों से भी मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। इस मौके पर मंत्री गणेश ने कहा कि देश का पहला स्वदेशी विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत आत्मनिर्भर भारत की मजबूती को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में बनने जा रहे सैन्य धाम में आईएनएस विक्रांत की प्रतिकृति स्थापित की जाएगी। इसके लिए वह शीघ्र ही भारतीय नौसेना के अधिकारियों से वार्ता करेंगे।
मंत्री गणेश जोशी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार करते हुए कहा कि विक्रांत भारत में निर्मित अब तक का सबसे बड़ा जहाज है। प्रधानमंत्री मोदी की परिकल्पना मेक इन इंडिया के तहत विकसित पहले स्वदेशी विमान वाहक पोत आईएनएस विक्रांत इस दिशा में बड़ा कदम है। मंत्री ने कहा कि विक्रांत सिर्फ एक युद्धपोत नहीं है, यह 21वीं सदी के नए भारत की कड़ी मेहनत प्रतिबद्धता दर्शाता है। निश्चित ही यह देश की समुद्री सीमाओं की रक्षा में मदद मिलेगी।