चार्टर्ड अकाउंटेंट समेत तीन को लूट के बाद घायल करने वाला दंपति गिरफ्तार

Share

31HREG162 चार्टर्ड अकाउंटेंट समेत तीन को लूट के बाद घायल करने वाला दंपति गिरफ्तार

गाजियाबाद, 31 मार्च (हि.स.)। थाना इंदिरापुरम पुलिस ने अभयखंड-1 में चार्टर्ड अकाउंटेंट रविकांत शर्मा समेत तीन को चाकुओं से गोदने और लूटपाट की घटना का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने के आरोप में पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लाखों रुपये के जेवरात और 87,300 रुपये की नकदी बरामद की है।

एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि 30 मार्च को आरोपितों ने चार्टर्ड अकाउंटेंट रविकांत शर्मा, उनकी पत्नी एवं मां पर चाकुओं से हमला कर घायल कर दिया था। बदमाश घर में रखे जेवरात भी लूटकर ले गए थे। पुलिस ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी थी। अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की गई थीं।

पुलिस टीमों द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए सीसीटीवी, सर्विलांस एवं मैनुअल इनपुट के आधार पर घटना कारित करने वाले युवक अभि उर्फ अस्मित निवासी रामपुर थाना नरेही जिला बलिया और उसकी पत्नी काव्या को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथौड़ी और चाकू, 87,300 रुपये नकद और ज्वेलरी बरामद हुई है।

गिरफ्तार अभियुक्तगणों ने बताया कि हमने रविकांत शर्मा के घर में पहले मरम्मत का कार्य किया गया था। ठेकेदार ने कम पैसे मुझे काम के दिए थे। उसी के बारे में पूछने के लिए रविकांत शर्मा के घर गये थे। दोनों दंपति घर पर अकेले थे। मेरा मन बदला और मैंने मेज पर रखा चाकू और अपनी हथौडी से हमला कर दिया तथा हम लोग उन्हें उनके घर में कुंडी लगाकर बंद करके वहां मौके पर मिले रुपये और ज्वेलरी लेकर भाग आए।