मुरादाबाद मंडल के सभी 92 कोल्ड स्टोर की होगी जांच

Share

19HREG347 मुरादाबाद मंडल के सभी 92 कोल्ड स्टोर की होगी जांच

मुरादाबाद, 19 मार्च (हि.स.)। संभल के चन्दौसी में कोल्ड स्टोर (शीतगृह) हादसे के बाद अब शासन प्रशासन सतर्क हो गया है। मुरादाबाद मंडल के सभी 92 शीतगृहों की जांच कराई जाएगी। मंडल के सभी जनपदों में जिलाधिकारी की निगरानी वाली चार सदस्यीय समिति स्थलीय निरीक्षण करने के बाद रिपोर्ट सौंपेगी। शीतगृह में खामियां मिलने पर उसके संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लाइसेंस तक निरस्त किया जाएगा। जनपद संभल में पिछले दस वर्षों में शीतगृह गिरने की दूसरी बड़ी घटना है।

बीते गुरुवार को संभल जिले के चंदौसी में इस्लाम नगर रोड स्थित एआर कोल्ड स्टोरेज के एक हिस्से की छत भरभरा कर गिर गई थी। जिसमें अभी तक 14 लोगों की मौत हो चुकी हैं। हादसे में घायल अन्य लोगों का मुरादाबाद, मेरठ, संभल के अस्पतालों में उपचार चल रहा हैं। घटना के बाद एआर कोल्ड स्टोर के मालिक दोनों भाई रोहित अग्रवाल और अंकुर अग्रवाल पर आईपीसी की धारा 304 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। दोनों पर अवैध चेंबर बनाकर ओवरलोड आलू भंडारण करने का आरोप था। शनिवार सुबह आरोपित भाईयों को संभल पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।

इस घटना से पहले संभल में ही असमोली रोड पर बना कोल्ड स्टोर क्षमता से अधिक भंडारण करने के कारण गिर गया था। उसमें काम करने वाले कई लोग घायल हुए और एक व्यक्ति की उपचार के दौरान बाद में मौत हो गई थी। इन हादसों को लेकर प्रशासन ने भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो सके इसके लिए मंडल के पांचों जनपद में जिलाधिकारी के स्तर एक समिति गठित की जा रही है।

उप निदेशक उद्यान श्याम कुमार गुप्ता ने बताया कि एसडीएम और दो जनपद स्तरीय अधिकारी के अलावा लोक निर्माण विभाग या आरईएस विभाग से इंजीनियर समेत चार सदस्यों की समिति गठित की जाएगी। मुरादाबाद मंडल में 92 शीतगृह हैं। सभी जनपद स्तरीय गठित की गई समिति अपने-अपने जनपद के शीतगृहों का स्थलीय निरीक्षण कर जिलाधिकारी को रिपोर्ट सौंपेगी। रिपोर्ट में कोल्ड स्टोरेज में मिलने वाली खामियों के स्तर पर निर्णय लिया जाएगा। जांच रिपोर्ट में यदि मानकों की अनदेखी पाई गई तो संचालक के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ ही संबंधित शीतगृह का लाइसेंस भी निरस्त किया जाएगा। इसमें मुरादाबाद में 1976 में बना दुर्गेश कोल्ड स्टोर दिल्ली रोड पर संचालित है, दूसरा दलपतपुर के गांव पाडली बाजे में सैफी कोल्ड स्टोर के नाम से संचालित है। इसके अलावा अमरोहा जनपद में दो कोल्ड स्टोरेज, संभल में 56, रामपुर में चार, बिजनौर में 10 कोल्ड स्टोरेज संचालित हैं। सभी का निरीक्षण के दौरान मौके पर हुए भंडारण और उसकी क्षमता के अलावा सारे मानकों का निरीक्षण किया जाएगा।