योगी सरकार ने बजट नहीं बल्कि झूठा गजट पेश किया : अजय राय

Share

22HREG411 योगी सरकार ने बजट नहीं बल्कि झूठा गजट पेश किया : अजय राय

वाराणसी, 22 फरवरी (हि.स.)। प्रदेश की योगी सरकार ने अपने दूसरे कार्यकाल में बुधवार को विधानमंडल में वित्तीय वर्ष 2023-24 का बजट पेश किया। अब तक के योगी सरकार-.2 के सबसे बड़े बजट में सभी वर्गों को साधने का प्रयास किया गया है। बजट को लेकर कांग्रेस के नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रांतीय अध्यक्ष पूर्व मंत्री अजय राय ने कहा कि योगी सरकार ने बजट नही बल्कि झूठा गजट पेश किया है। यह बजट पूर्ण रूप से जनता के लिए झुनझुना है। हर बार की तरह इस बार भी योगी सरकार द्वारा सिर्फ़ वादों का पिटारा जारी किया गया है। भाजपा सरकार का यह सातवां बजट है। बजट में ना तो आज की समस्याओं का समाधान है। और न भविष्य की दूरदर्शिता।

अजय राय ने कहा कि जिस प्रदेश में सबसे ज्यादा आबादी गांव में रहती हो और खेती.किसानी पर निर्भर करती है। वहां के बजट ने किसानों को निराश किया है। जहां नौजवान उम्मीद लगाकर बैठे थे कि रोजगार के कुछ रास्ते खुलेंगे, बजट ने उन्हें निराश किया है।

योगी सरकार यूपी को एक ट्रिलियन 100 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का सपना दिखाती रही है। मैं आपसे कहना चाहता हूं कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और वित्त मंत्री ;सुरेश कुमार खन्ना प्रदेश की जनता को कम से कम यह बताएं कि एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के लिये उत्तर प्रदेश की विकास दर क्या होनी चाहिए। प्रदेश की कृषि विकास दर ही कम है। केन्द्र की भाजपा सरकार ने भी अपने बजट में किसानों पर कोई ध्यान नहीं दिया। उसी रास्ते पर भाजपा की उत्तर प्रदेश की सरकार भी चल रही है। क्या किसानों को उनकी उपज का दाम मिल पाएगा। भाजपा के लोगों ने कहा कि वर्ष 2022 तक किसानों की आमदनी दोगुनी हो जाएगी, लेकिन क्या ऐसा हुआ। किसान की जितनी भी जरूरत की चीजें हैं सब महंगी हो गई हैं। क्या नौजवानों को रोजगार मिला, उत्तर प्रदेश को सिर्फ और सिर्फ भयावह डर का माहौल भाजपा द्वारा मिला। अब प्रदेश सरकार निवेश का सपना दिखा रही है।