(बजट प्रतिक्रिया) बजट के जरिये लोगों का ध्यान भटकाने का प्रयास: कमलनाथ

Share

01HREG142 (बजट प्रतिक्रिया) बजट के जरिये लोगों का ध्यान भटकाने का प्रयास: कमलनाथ

भोपाल, 1 फरवरी (हि.स.)। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज बजट पेश कर दिया है। जिसमें हर वर्ग के लोगों के लिए कई अहम ऐलान किए गए हैं। बजट को लेकर नेताओं की प्रतिक्रियाएं आना शुरू हो गई है। इसी बीच मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने बजट पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

कमलनाथ ने ट्वीट के माध्यम से बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा ‘वित्त मंत्री का बजट भाषण सरकार के पुराने वादों पर जुमलों का पर्दा डालने का प्रयास नजर आया। हमें आशा थी कि वित्त मंत्री उन घोषणाओं पर प्रकाश डालेंगी जो 2022 में पूरी होनी थी। 2022 में किसानों की आमदनी दोगुनी होनी थी। 2022 में हर गरीब को आवास उपलब्ध होना था। 2022 में देश में बुलेट ट्रेन चलनी थी लेकिन वित्त मंत्री ने इन घोषणाओं के पूरे ना होने की ना तो कोई वजह बताई और ना ही देश की जनता से माफी मांगी। स्पष्ट है कि सरकार भविष्य के खोखले सपने दिखाकर वर्तमान की जटिल परिस्थितियों से लोगों का ध्यान भटकाना चाहती है। यह प्रवृत्ति देश और अर्थव्यवस्था के लिए अच्छी नहीं है।