म.प्र.: कड़ी सुरक्षा के बीच प्रदेश के 19 नगरीय निकायों के लिए वोटिंग शुरू

Share

20HREG13 म.प्र.: कड़ी सुरक्षा के बीच प्रदेश के 19 नगरीय निकायों के लिए वोटिंग शुरू

भोपाल, 20 जनवरी (हि.स.)। प्रदेश के 6 जिलों के 19 नगरीय निकायों के लिए मतदान शुक्रवार सुबह 7 बजे शुरू हो गया। शांतिपूर्ण मतदान के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रदेश के जिन निकायों में मतदान हो रहा है, उनमें इंदौर संभाग के तीन जिलों के 17 निकाय (नगर पालिका, नगर परिषद) शामिल हैं।

तेज ठंड के बीच मध्यप्रदेश के 19 नगरीय निकायों में चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। इनमें 6 नगरपालिका और 13 नगर परिषद शामिल है। 6 जिलों के इन 19 नगरीय निकायों के 343 वार्डों में पार्षद चुनने के लिए 5 लाख से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वोटिंग के लिए कुल 720 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग शाम 5 बजे तक चलेगी। मतदान ईवीएम के माध्यम से कराया जा रहा है।

जिन निकायों में चुनाव हो रहा है, उनमें इंदौर संभाग में धार, बड़वानी, खंडवा जिलों की नगर पालिका और नगर परिषद शामिल हैं। बड़वानी जिले में नगर पालिका परिषद बड़वानी, सेंधवा, धार जिले में धार, मनावर एवं पीथमपुर, गुना जिले में राघौगढ़-विजयपुर में चुनाव होगा। इसी तरह नगर परिषदों में धार जिले में धरमपुरी, धामनोद, कुक्षी, राजगढ़, सरदारपुर, डही, अनूपपुर जिले की नगर परिषद जैतहरी, खंडवा की ओंकारेश्वर, बड़वानी जिले की खेतिया, पानसेमल, पलसूद, राजपुर और अंजड़ में भी निर्वाचन होगा।

स्थानीय स्तर के चुनाव होने से सभी जगह मुकाबला काफी संघर्षपूर्ण है। प्रत्याशियों के साथ पार्टियों ने भी पूरी ताकत लगा दी है। इस बार मालवा-निमाड़ के यह निकाय चुनाव महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि इसी साल होने वाले विधानसभा चुनाव में मालवा-निमाड़ की ही सबसे बड़ी भूमिका होगी। वहीं, सबसे चर्चित गुना जिले की राघौगढ़ नगरपालिका के लिए भी मतदान किया जा रहा है। यह पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का गढ़ है। इस बार भाजपा ने यहां बहुत मेहनत की है। भाजपा यहां 15 से ज्यादा वार्ड जीतने का दावा कर रही है। उधर, कांग्रेस ने 24 में से 24 वार्ड जीतने का दावा किया है।