27HREG254 उत्तराखंड भाजपा: दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक में आगामी कार्यक्रमों पर होगा मंथन
-29 जनवरी से ऋषिकेश में आयोजित होगी बैठक
-मुख्यमंत्री, प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारी रहेंगे मौजूद
देहरादून, 27 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दो दिवसीय कार्यसमिति की बैठक रायवाला स्थित द वुड्स रिसोर्ट में 29 जनवरी से आयोजित होगी। इस दौरान आगामी कार्यक्रमों के साथ राजनीतिक प्रस्ताव पर चर्चा होगी। बैठक में मुख्यमंत्री, प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारी भी शामिल होंगे।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 29 जनवरी को दोपहर 12 बजे से और दूसरे दिन 30 जनवरी को प्रातः 8.30 से शाम 4.30 बजे तक बैठक होगी। पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री व प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व सह प्रभारी रेखा वर्मा, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट करेंगे।
मनवीर चौहान ने बताया कि प्रदेश महामंत्री कार्यालय प्रभारी आदित्य कोठारी के अनुसार, कार्यसमिति में पार्टी के आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। जिनमें सशक्त मंडल, सक्रिय बूथ एवं पन्ना समिति के गठन पर चर्चा, बूथ स्तर पर मन की बात कार्यक्रम, एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रमों की कार्ययोजना, जी- 20 में भारत की अध्यक्षता का महत्व व सामाजिक भागीदारी का कार्यक्रम, प्रदेश में संगठनात्मक वृत की रिपोर्ट, मोर्चों के गतिविधियों की रिपोर्ट, डेटा प्रबंधन व उपयोग कार्यक्रम और सोशल मीडिया की कार्य योजना पर चर्चा सहित राजनीतिक प्रस्ताव पर चर्चा होगी। बैठक में प्रदेश पदाधिकारी, विशेष आमंत्रित सदस्य, स्थाई आमंत्रित सदस्य, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी एवं जिला सह प्रभारी, आईटी एवं सोशल मीडिया संयोजक एवं सभी मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष प्रमुख रूप में शामिल होंगे।