22HREG345 उत्तरैणी मकरैणी कौथिग का हुआ समापन, उत्तराखंड की खुशबू में महका गाजियाबाद
गाजियाबाद, 22 जनवरी (हि.स.)। लोनी के इंद्रप्रस्थ आवास योजना में उत्तराखंड जन कल्याण समिति इंद्रप्रस्थ की ओर से तीसरी बार दो दिवसीय (21-22 जनवरी) उत्तरैणी मकरैणी कौथिग-2023 का आयोजन किया गया। 21 जनवरी को मुख्य अतिथि के तौर पर गंगोत्री धाम के मुख्य पुजारी अशोक सेमवाल एवं पूर्व विधायक रंजीत रावत ने दीप प्रवज्जलित कर मेले का शुभारंभ किया।
मेले की शुरुआत मां नंदा देवी की शोभा यात्रा से हुई। तत्पश्चात बच्चों की मनमोहक प्रस्तुति से मेला शुरू हुआ और मेले में उत्तराखंड के सिंगर मनोज आर्या ने लोगों को अपने गाने ‘चाहा होटल खोलूलू ऐति टनकपुर’ पर लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
कौथिग के दूसरे दिन आज उत्तराखंड के कई प्रसिद्ध कलाकारों ने अपने गीतों से अद्भुत समा बांधा। मेले के दूसरे दिन भी पहले बच्चों ने सुंदर प्रस्तुति दी फिर उत्तराखंड की प्रसिद्ध गायिका हेमा नेगी करासी ने अद्भुत समा बांधा। उन्होंने अपने गीत ‘बामणी’ पर लोगों को खूब झूमाया। साथ ही गायक दर्शन फर्सवान, मेघना चंद्रा, नीमा भंडारी, गोपाल गुंसाई और भगवत मनराल ने लोगों का दिल जीत लिया। मेले में कई स्टॉल जो उत्तराखंड के परिधानों से सुसज्जित रहे, लोगों के आकर्षण का केन्द्र बने हुए थे।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ समाज सेवी व उच्च न्यायालय के अधिवक्ता संजय शर्मा दरमोड़ा व हरिपाल रावत प्रतिनिधी (हरीश रावत, पूर्व सीएम उत्तराखंड) मौजूद रहे। साथ ही विशिष्ठ अतिथि डॉ. विनोद नौटियाल एवं संजय चौहान के साथ-साथ उत्तराखंड की कई विभूतियां भी मेले में उपस्थित रहीं।
समिति के मीडिया प्रभारी ललित बिष्ट ने बताया कि समिति की समस्त टीम ने मेले को भव्य बनाने के लिए बहुत मेहनत की। हमारा प्रयास है कि आने वाले समय में इस कौथिग (मेले) को ओर भव्य बनाएंगे।
समिति के सभी पदाधिकारी अध्यक्ष आनंद रौतेला, सचिव सतीश भारद्वाज, कोषाध्यक्ष जितेन्द्र देवलियाल ने बताया कि हमारी समिति केवल यह मेले तक ही समिति नहीं है। हम समय-समय पर उत्तराखंड की समस्या पर आवाज उठाते रहते हैंं।