05HREG64 उज्जैन: सिंधिया समर्थक पूर्व विधायक सड़क दुर्घटना में बाल-बाल बचे
उज्जैन, 5 जनवरी (हि.स.)। सिंधिया समर्थक एवं पूर्व विधायक तथा मंगलनाथ मंदिर के गादीपति महंत राजेंद्र भारती बुधवार देर रात सड़क दुर्घटना में बाल-बाल बचे। तेज रफ्तार बस ने उनकी कार को ओवरटेक करने के प्रयास में जोरदार टक्कर मार दी। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है। वाहन चालक फरार है।
चिमनगंज थाना पुलिस के अनुसार राजेंद्र भारती एवं भाजपा के पार्षद दिलीप परमार एक कार से मंगलनाथ मंदिर की ओर जा रहे थे। इस बीच नीमच से इंदौर जा रही तेज रफ्तार बस के चालक ने इनकी कार को ओवहटेक करने का प्रयास किया और जोरदार टक्कर मार दी। कार पार्षद चला रहे थे, उन्होंने कार को संतुलित किया तथा बस को रूकवाया। बस यात्रियों से खचाखच भरी थी। पार्षद दिलीप परमार पिता ताराचंद निवासी इंदिरा नगर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने गोल्डन ट्रेवल्स की बस को जब्त कर लिया। वाहन चालक फरार है।