22HREG130 आज औरैया देगा क्रांतिकारियों को सम्मान
प्रथम स्वाधीनता संग्राम के बलिदानियों की याद में स्मारक का जिलाधिकारी करेंगे उदघाटन
एक एकड़ भूमि पर शहीद स्मारक में पौधरोपण सहित अंतिम तैयारियां पूर्ण
औरैया, 22 जनवरी (हि. स.)। जनपद के बीहड़ स्थित बीझलपुर गांव को प्रशासन ने शहीद स्मारक की सौगात दी है। आज जिलाधीश प्रकाश चंद्र श्रीवास्तव उद्घाटन कर आमजन को इसे सौंप देंगे।
गौरतलब है कि प्रथम स्वाधीनता संग्राम की चिंगारी जब भड़की तो जनपद के वीर सूरमाओं ने भी अंग्रेजों से दो-दो हाथ करने की ठानी और जब तत्कालीन इटावा कलेक्टर ए ओ ह्यूम ब्रिटिश हुकूमत के आदेश पर 9 मई 1858 में झांसी की रानी से लड़ने के लिए अपने दो हजार सिपाहियों के साथ यमुना के रास्ते दिभौली घाट होते हुए जब बीझलपुर की तरफ बढ़े तभी अमर क्रांतिकारियों के जमीर जाग उठा और निर्णय हुआ कि किसी भी अंग्रेज सिपाही को यमुना के रास्ते झांसी नहीं पंहुचने दिया जाएगा। और यह शपथ पंचजलधारा में निरंजन सिंह जूदेव, राजा रूपसिंह,लालपुरी गोस्वामी,प्रीतम सिंह आदि क्रांतिकारियों के नेतृत्व में लगभग दो सौ लोगों ने नावों पर हथियारों से लैस होकर कालपी घाट से लेकर बीझलपुर तक अंग्रेजी सेना पर जबर्दस्त हमला बोल दिया । छः दिन तक चले भीषण युद्ध में जब अंग्रेजी सेना के दांत खट्टे पढ़े तो उन्होंने अयाना स्थित छावनी से अतरिक्त सेना मंगवा कर क्रांतिकारियों पर पीछे से हमला बोल दिया और इस हमले एक सैकड़ा से अधिक क्रांतिकारियों को शहादत देनी पड़ी। जिसमें एक परिवार के पांच सगे भाई शामिल थे। जिनकी याद में तब लोगों पंचभैया स्मारक का निर्माण कराया था, जो आज भी इतिहास की याद दिलाता है।
उल्लेखनीय है कि एतिहासिक घटनाओं को लेकर संजीदा भारत प्रेरणा मंच के पदाधिकारियों को जब इसके बारे में पता चला तो उन्होंने प्रशासन से लेकर आम जन को जनपद की इस गौरवशाली घटना से अवगत ही नहीं कराया बल्कि उन महान बलिदानियों की स्मृति में एक भव्य स्मारक के निर्माण की दिशा में सफल कदम बढ़ाया और परिणाम स्वरूप आज बीहड़ की दुर्गम वादियों में अमर सेनानियों की याद में जिलाधिकारी प्रकाश चंद्र श्रीवास्तव उद्घाटन कर आम लोगों को जनपद का पहला क्रांतिकारियों का स्मारक सौंपेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद रामशंकर कठेरिया,जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे, सदर विधायक गुड़िया कठेरिया सहित प्रशासनिक अधिकारी समारोह के हिस्सा बनेंगे।
इनसेट
क्रांतिकारियों को मिला सम्मान
बीझलपुर ग्राम प्रधान श्याम सिंह निषाद बताते हैं कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के सहयोग ने इतिहास की इस बड़ी घटना से आमजन सहित आने वाली पीढ़ी को देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत ही नहीं किया बल्कि युवाओं में देश प्रेम का बीजारोपण किया है।
शहीदों को पहचान दिलाना संस्था का काम
भारत प्रेरणा मंच के अविनाश अग्निहोत्री जो कि पूर्व सैनिक भी हैं, कहते हैं कि उन्होंने अपना जीवन अमर बलिदानियों को पहचान दिलाने के लिए लगा दिया है। तमाम घटनाओं से युवा पीढ़ी आज भी अनभिज्ञ है, जिन्हें प्रेरणा देना ही संस्था का उद्देश्य है।