कानपुर: सोमवार को समाप्त हो जाएगा महापौर का कार्यकाल

Share

23HREG24 कानपुर: सोमवार को समाप्त हो जाएगा महापौर का कार्यकाल

कानपुर, 23 जनवरी (हि.स.)। महापौर प्रमिला पांडेय और 110 पार्षदों का कार्यकाल सोमवार (आज) शाम पांच बजे समाप्त हो जाएगा। इसी के साथ ही शहर की सरकार का कार्यकाल खत्म हो जाएगा। अब नगर निगम की कमान तीन सदस्यीय टीम सभांलेगी। कमेटी के अध्यक्ष जिलाधिकारी होंगे।

इस बार शासनादेश के मुताबिक, प्रशासक पद नहीं रखा गया है, लेकिन त्रिसदस्यीय कमेटी के अध्यक्ष जिलाधिकारी होंगे। शासनादेश के अनुसार अब कमेटी को कोई भी नई और बड़ी पॉलिसी बनने का अधिकार नहीं होगा। यह प्रक्रिया नगर निकाय चुनाव तक जारी रहेगी। ऐसा पहली बार होगा जब महापौर का कार्यकाल समाप्त होने के बाद कोई प्रशासक नहीं होगा। वर्ष 2005 में नगर निगम में प्रशासक पद पर नगर आयुक्त की तैनाती हुई थी।

पहली बार जिलाधिकारी के हाथ में होगी नगर निगम की कमान

यह पहला मौका है जब 18 साल बाद महापौर का कार्यकाल खत्म हो गया है और चुनाव नहीं हुए हैं। 30 नवम्बर 2005 से 23 दिसम्बर 2005 तक प्रशासक का कार्यकाल रहा था। ये पहला मौका होगा जब जिलाधिकारी के हाथ में नगर निगम की कमान होगी।

संयुक्त हस्ताक्षर से होंगे रकम निकासी

23 जनवरी 2017 को ही नगर निगम का पहला सदन हुआ था। इसलिए महापौर का कार्यकाल 23 जनवरी तक ही है। फिलहाल शासन से जारी किए गए आदेश में कहा गया है कि नगर पालिका परिषदों एवं नगर पंचायतों में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में त्रिस्तरीय कमेटी में प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय और अधिशासी अधिकारी के हस्ताक्षर से वित्तीय कार्य होंगे। जहां नगर निगम हैं वहां प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय और नगर आयुक्त के संयुक्त हस्ताक्षर से विकास कार्यों पर रकम खर्च की जा सकेगी। अन्य मदों में खर्च होने वाला बजट भी संयुक्त हस्ताक्षर से ही होंगे।

चेक पर होंगे एडीएम सिटी के हस्ताक्षर

प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय एडीएम सिटी हैं, इसलिए चेक पर उनके और नगर आयुक्त के संयुक्त हस्ताक्षर होंगे। जारी किए गए शासनादेश में कहा गया है कि यह कमेटी दैनिक प्रशासनिक कार्यों के अतिरिक्त सिर्फ पहले से चले आ रहे कार्यों, विकास कार्यों की पर्यवेक्षण और क्रियान्वयन को सुनिश्चित करेगी।