18HREG85 सरकार भ्रष्टाचारियों को जेल भेज रही और कांग्रेस धरना प्रदर्शन कर मना रही मातम : गणेश जोशी
देहरादून, 18 जनवरी(हि.स.)। कृषि मंत्री ने कांग्रेस को भ्रष्टाचार करने और उसे छिपाने वाला बताया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि वह सरकार के कदम का विरोध कर रही है या भ्रष्टाचारियों का समर्थन।
बुधवार को मीडिया से बातचीत में कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि भर्तियों पर कांग्रेस के धरना प्रदर्शन केवल अपने कार्यों पर पर्दा डालने वाला है। उन्होंने कांग्रेस के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक ओर भाजपा सरकार युवाओं के हक पर डाका डालने वाले भ्रष्टाचारियों को जेल भेज रही है तो दूसरी ओर कांग्रेस विरोध उपवास कर मातम मना रही है।
उन्होंने कहा कि धामी सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई भी कर रही है और पारदर्शिता के साथ समय पर परीक्षाएं भी आयोजित हों इसे लेकर भी सजग है। परीक्षाएं पारदर्शी हों और समय पर हों, सरकार इसके लिए वातावरण बना रही है। इससे युवाओं में विश्वास और उत्साह का भाव भी जागेगा जो जरूरी है। उन्होंने कहा कि पूर्व में हुई परीक्षाएं किस तरह हुईं उसके नतीजे सामने हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भ्रष्टाचार को लेकर व्याख्यान नही, बल्कि कांग्रेस के लगाये भ्रष्टाचार के पेड़ को जड़ से उखाड़ने का काम कर रहे हैं ।
मंत्री जोशी ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों में घपलों को दबाने और उन्हें प्रश्रय देने की प्रवृति रही है। 2002 में दारोगा भर्ती घोटाला हुआ। कांग्रेस ने खुद जांच नहीं बैठाई। जब असफल हुए अभ्यर्थियों ने सूचना अधिकार में जानकारी जुटाई और हाई कोर्ट में अपील की, तो सीबीआई जांच हुई। सीधे तत्कालीन डीजीपी और एडीजी की संलिप्तता पाई गई। इसी दौरान मंडी परिषद में हुई भर्तियों घोटाले हुए। 2012 से 2017 के बीच कांग्रेस सरकार में एक के बाद एक भर्ती घोटाले हुए। 2015 में फिर दारोगा भर्ती घोटाला किया गया। कोई जांच और कोई कार्रवाई नहीं की गयी। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के जरिए हर भर्ती में घोटाला किया। कार्रवाई कुछ नहीं हुई।
भाजपा की धामी सरकार ने 2015 के कांग्रेस सरकार में हुए भर्ती घोटाले का पर्दाफाश किया। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग भर्ती घोटाले में 50 से अधिक लोगों को जेल भेजा। अब कांग्रेस शासन में हुए भर्ती घोटाले की कलई खुलने लगी है तो असहज कांग्रेस विरोध प्रदर्शन कर युवाओं को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीति और नीयत साफ है और जनता सब जानती है। कांग्रेस खुद पर आंच आते ही बौखला गयी है और उसके धरने, प्रदर्शन और उपवास इसी की परिणिति है।
इस अवसर उनके साथ डॉ. शैलेन्द्र मोहन सिंघल और अन्य नेता भी उपस्थित थे।