21HREG336 शिक्षकों ने साझा किए पोटली पुस्तकालय के अनुभव
हरिद्वार, 21 जनवरी (हि.स.)। पोटली पुस्तकालय कार्यक्रम के तहत शनिवार को विकासखंड बहादराबाद के चयनित 50 विद्यालयों में पुस्तकों की पोटली प्रदान की गई। कार्यक्रम में शिक्षकों ने पोटली के साथ अपने अनुभव साझा किये।
बीते सितम्बर माह में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की पहल पर इस कार्यक्रम की शुरूआत की गयी थी। फाउंडेशन के जिला समन्वयक दीपक दीक्षित ने बताया कि कार्यक्रम के क्रियान्वयन को प्रथमतः 120 प्राथमिक विद्यालय चयनित किये गये थें, जिनमे भाषा का अध्यापन कर रहे शिक्षक इस पोटली के माध्यम से बच्चों को अंग्रेजी एवं हिन्दी भाषा की जानकारी दे रहे हैं।पुस्तकों के वितरित किये सेट की विद्यालयों में अदला बदली की जाती है।
बीआरसी कार्यालय पर ब्लॉक के चयनित विद्यालयों के शिक्षकों ने अपने अपने अनुभव साझा किये। शिक्षकों ने बताया की बच्चे किस तरह पुस्तकों के साथ गतिविधि का आनंद लेकर अधिगम कर रहे हैं। एक गतिविधि के माध्यम से फाउंडेशन की ओर से उपस्थित समन्वयक शिविका, राइमा, प्राची एवं महिमा ने स्वतंत्र पठन, सहपठन आदि की जानकारी दी। अध्यापकों ने कहानी एवं कविता लिखकर अपने हुनर का परिचय दिया। इस अवसर पर चयनित विद्यालयों के शिक्षक उपस्थित रहे।