शिक्षक एमएलसी चुनाव : वित्त विहीन शिक्षक संघ के नेता अशोक राठौर ने थामा भाजपा का दामन

Share

19HREG468 शिक्षक एमएलसी चुनाव : वित्त विहीन शिक्षक संघ के नेता अशोक राठौर ने थामा भाजपा का दामन

कहा,शिक्षकों के हित को देखते हुए लिया निर्णय

झांसी 19 जनवरी (हि.स.)। वित्त विहीन शिक्षक संघ के नेता अशोक राठौर ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी का दामन थामते हुए सबको चौकने पर मजबूर कर दिया। यह शिक्षक एमएलसी चुनाव के नतीजों को परिवर्तित करने वाली खबर बताई जा रही है। साथ ही भाजपा प्रत्याशी डॉ.बाबू लाल तिवारी की जीत की राह भी आसान होती दिखाई दे रही है।

गुरुवार को भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह व चुनाव के प्रदेश सह प्रभारी संजय राय की उपस्थिति में शिक्षक संघ के नेता अशोक राठौर अपने साथी बीएल भास्कर, तुलसी राम, धर्मेंद्र सिंह, विवेक खरे, राजू कुशवाह, मनीष, विवेक प्रताप सिंह आदि दर्जनों शिक्षक संघ के पदाधिकारियों के साथ भाजपा में शामिल हो गए । इस दौरान क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि डॉ.बाबू लाल तिवारी भारी बहुमत से विजय होंगे।

पिछले चुनाव में दूसरे नम्बर पर रहे वित्तविहीन शिक्षक संघ के नेता अशोक राठौर ने कहा कि शिक्षकों के सम्मान में उन्होंने यह फैसला लिया है। वह शिक्षकों की समस्या को लेकर सदैव संघर्ष करते रहेंगे। उन्होंने कहा की वह एक जगह से धोखा खा चुके है। इसलिए पार्टी में निष्ठा रखी थी। फिर पार्टी पदाधिकारियों से चर्चा होने व शिक्षकों का सम्मान बरकरार रखने के आश्वाशन पर भाजपा की सदस्यता ली है।

इस अवसर पर बबीना विधायक राजीव सिंह, महानगर अध्यक्ष मुकेश मिश्रा, जिलाध्यक्ष जमुना प्रसाद कुशवाह, भाजपा नेता संजीव श्रंगृषि, प्रदीप सरावगी, देवेंद्र दुबे, ओम बिहारी भार्गव, प्रदीप पटेल आदि मौजूद रहे।

गौरतलब है कि अशोक राठौर के भाजपा में शामिल होने से डॉ बाबूलाल तिवारी का पक्ष मजबूत होता नजर आ रहा है। इसके पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के मंडलीय नेता नरेंद्र पस्तोर व स्ववित्तपोषित एसोसिएशन के श्रवण द्विवेदी भी भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में आ चुके हैं।