28HREG286 पीएमश्री योजना के तहत जनपद के 23 विद्यालयों का चयन
हरिद्वार, 28 जनवरी (हि.स.)। प्राइम मिनिस्टर स्कूल्स फाॅर राइजिंग इण्डिया योजना (पीएमश्री) के अन्तर्गत जनपद के 23 विद्यालयों को चयनित किया गया है। प्रत्येक विद्यालय को आदर्श विद्यालय बनाने के लिए केंद्र सरकार की ओर से दो करोड़ रुपये की राशि दी जाएगी। इस योजना की घोषणा प्रधानमंत्री ने शिक्षक दिवस को की थी।
राज्य में पीएमश्री विद्यालय की स्थापना एवं पीएमश्री योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जनपद स्तरीय समिति की बैठक जिलाधिकारी विनय शंकर पांडे की अध्यक्षता में आयोजित हुई। मुख्य शिक्षा अधिकारी केके गुप्ता ने बताया कि प्राइम मिनिस्टर स्कूल्स फाॅर राइजिंग इण्डिया के तहत हरिद्वार जनपद के 23 विद्यालयों का चयन किया गया है, जिनमें से बहादराबाद, भगवानपुर, रुड़की, खानपुर व लक्सर ब्लॉक के चार-चार और नारसन ब्लॉक के तीन विद्यालयों का चयन किया गया है। इस योजना के तहत प्रत्येक विद्यालय के चहुंमुखी विकास के लिये दो करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई जायेगी।
मुख्य शिक्षा अधिकारी ने बताया कि ये सभी चयनित विद्यालय माॅडल स्कूल बनेंगे तथा इनमें राष्ट्रीय शिक्षा नीति की पूरी भावना समाहित होगी। इन स्कूलों में प्राइमरी से 12वीं तक की पढ़ाई होगी। इनमें प्री प्राइमरी एवं प्राइमरी के बच्चों के लिये खेल पर फोकस किया जायेगा, जिससे उनका शारीरिक विकास हो सके तथा ये स्कूल अपने आसपास के अन्य स्कूलों का भी मार्गदर्शन करेंगे।
जिलाधिकारी विनय शंकर पाण्डेय ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि इन चयनित विद्यालयों में अवस्थापना सम्बन्धी सभी सुविधाओं के विकास के साथ ही विद्यालयों में शौचालय, कम्प्यूटर लैब, ब्लैक बोर्ड, फिजिक्स, कैमस्ट्री, बाॅयो लैब, बाउण्ड्रीवाॅल, खेल सामग्री, खेल का मैदान,विद्यालय भवन सहित सभी सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाये।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी(प्रशासन) पी0एल0 शाह, जिला शिक्षा अधिकारी नरेश हल्दियानी, डाॅ. कुलदीप गौड़ जिला समन्वयक सहित सम्बन्धित अधिकारीगण व संबंधित विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित थे।