21HREG279 उत्तराखंड : ऋषिकेश तीर्थ नगरी में मौनी अमावस्या पर एक लाख लोगों ने लगाई आस्था की डुबकी
-त्रिवेणी घाट पर हुई विशेष गंगा आरती
ऋषिकेश, 21 जनवरी (हि.स.)। उत्तराखंड की तीर्थ नगरी ऋषिकेश में शनिवार को मौनी अमावस्या का पर्व पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया। इस पर्व पर देश के विभिन्न प्रांतों से आए लगभग एक लाख श्रद्धालुओं ने गंगा नदी में डुबकी लगाई और दान पुण्य किया गया। श्री गंगा सेवा समिति की ओर से विशेष गंगा आरती भी हुई।
इस मौके पर गंगा स्नान के लिए ऋषिकेश, स्वर्गाश्रम लक्ष्मण झूला के घाटों पर खूब भीड़ उमड़ी। नगर के गंगा घाटों पर भक्तजन स्नान, दान व पूजन करने में जुटे रहे। ब्रह्म मुहूर्त से ही श्रद्धालुओं का त्रिवेणी घाट पहुंचने का क्रम शुरू हो गया था। यात्रा प्रशासक नंदन कुमार ने बताया कि घाट पर प्रातः काल से ही संख्या में श्रद्धालुओं ने मां गंगा के पवित्र जल में आस्था की डुबकी लगाई। सुबह 9 बजे के बाद सुनहरी धूप खिलने से स्नान में तेजी महसूस की गई। इसकी संख्या लगभग एक लाख रही।
उल्लेखनीय है कि माघ मास की शनिश्चरी अमावस्या तिथि पर गंगा स्नान विशेष पुण्यदायी माना गया है। मौनी अमावस्या पर लोगों ने स्नान करने के साथ ही विधि विधान से गंगा मइया का पूजन-अर्चन भी किया और जरूरतमंदों को दान दिया। पतित पावनी मां गंगा के घाटों पर मौजूद श्रद्धालुओं ने स्नान दान करने के साथ ही गंगा की आरती भी उतारी। मौनी अमावस्या स्नान की वजह से नगर में काफी भीड़ भी रही। नगर के विभिन्न मंदिरों में पूजा के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं।
श्री गंगा सेवा समिति के अध्यक्ष हर्षवर्धन शर्मा ने कहा कि अमावस्या के कारण त्रिवेणी घाट पर विशेष गंगा आरती का आयोजन भी किया गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक खुशीराम पांडे ने बताया कि नगर में बाहर से प्रवेश करने वाले यात्रियों की सुविधा को देखते हुए नगर में विशेष ट्रैफिक व्यवस्था की गई थी।