26HREG61 ऋषिकेश में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया गणतंत्र दिवस
ऋषिकेश, 26 जनवरी (हि.स.)। देशभर के साथ उत्तराखंड की देवभूमि ऋषिकेश में भी गणतंत्र दिवस बेहद हर्षोल्लास से मनाया गया। जगह-जगह स्कूली बच्चों द्वारा रैली निकाली गई। विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। नगर निगम महापौर अनिता ममगाईं ने भी नगर निगम प्रांगण में तिरंगा फहराया। इस दौरान देश की रक्षा की खातिर प्राण न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को नमन किया गया।
महापौर ने ऐसे वीर सपूतों को जन्म देने वाली माताओं के देश के प्रति अतुलनीय योगदान को सदैव याद रखने की बात कही। इस दौरान मुख्य नगर आयुक्त राहुल गोयल सहित तमाम निगम अधिकारी, कर्मचारी, पार्षद एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
रेलवे रोड स्थित कांग्रेस भवन में नव नियुक्त महानगर अध्यक्ष राकेश सिंह ने झंडा फहराया। देहरादून रोड स्थित व्यापार सभा भवन में व्यापार सभा अध्यक्ष मनोज कालड़ा ने तिरंगा फहराया। रोटरी क्लब ने प्राथमिक विद्यालय संख्या पांच में हर्षोल्लास के साथ गणतंत्र दिवस मनाया। ऋषिकेश प्रेस क्लब में गणतंत्र दिवस पर तिरंगा फहराया गया। इस अवसर पर उपस्थित पत्रकारों ने राष्ट्रीय गान गाकर राष्ट्रीय ध्वज को सलाम किया।