26HREG30 मप्र में हर्षोल्लास से मना गणतंत्र दिवस, राज्यपाल ने भोपाल और मुख्यमंत्री ने जबलपुर में किया ध्वजारोहण
भोपाल, 26 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश में गुरुवार को 74वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। भोपाल के लालपरेड ग्राउंड पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। इस मौके पर नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह राज्यपाल के साथ मौजूद रहे। वहीं, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जबलपुर और मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष गिरीश गौतम ने रीवा में तिरंगा फहराया। इसके अलावा 29 मंत्री एवं 20 कलेक्टरों ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में ध्वज फहराया और जनता के नाम मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर सभी प्रदेशवासियों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं तथा बधाई। आज गणतंत्र दिवस और बसंत पंचमी दोनों एक ही दिन आए हैं। हम सब उल्लास व आनंद से भरे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में समृद्धशाली, वैभवशाली, शक्तिशाली तथा संपन्न भारत का निर्माण हो रहा है। आज एक समृद्ध व विकसित मध्यप्रदेश का निर्माण हो रहा है। हम संकल्प लें कि मध्यप्रदेश के समृद्धि व विकास के लिए, जनता के कल्याण के लिए अपनी सम्पूर्ण क्षमताओं को झोंककर काम करेंगे और अपने प्रदेश को हर क्षेत्र में आगे ले जाएंगे। आत्मनिर्भर भारत के लिए आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश बनाएंगे।
इधर, मंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा दतिया, गोपाल भार्गव सागर, विजय शाह खंडवा, तुलसीराम सिलावट इंदौर, जगदीश देवड़ा मंदसौर, बिसाहूलाल सिंह अनूपपुर, यशोधरा राजे सिंधिया शिवपुरी, मीना सिंह मांडवे उमरिया, कमल पटेल हरदा, गोविंद सिंह राजपूत दमोह, बृजेंद्र प्रताप सिंह पन्ना, विश्वास सारंग विदिशा, डा. प्रभुराम चौधरी रायसेन, डा. महेंद्र सिंह सिसोदिया गुना, प्रद्युम्न सिंह तोमर ग्वालियर, प्रेमसिंह पटेल बड़वानी, ओमप्रकाश सकलेचा नीमच, उषा ठाकुर देवास, डा. अरविंद सिंह भदौरिया भिंड, डा. मोहन यादव उज्जैन, हरदीप सिंह डंग रतलाम, राजवर्धन सिंह दत्तीगांव धार, इंदर सिंह परमार शाजापुर, राम खेलावन पटेल सतना, राम किशोर कांवरे बालाघाट, बृजेंद्र सिंह यादव अशोकनगर और ओपीएस भदौरिया निवाड़ी में ध्वजारोहण किया।
वहीं, खरगोन, झाबुआ, आलीराजपुर, बुरहानपुर, आगर-मालवा, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, छतरपुर, टीकमगढ़, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला और डिंडौरी में मुख्य समारोह में कलेक्टरों ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली।