जोशीमठ प्रभावितों के लिए ढाक में पुनर्वास का कार्य प्रगति पर

Share

28HREG57 जोशीमठ प्रभावितों के लिए ढाक में पुनर्वास का कार्य प्रगति पर

गोपेश्वर, 28 जनवरी (हि.स.)। जोशीमठ में भू धंसाव से प्रभावित लोगों के पुनर्वास के लिए ढाक में निर्माण कार्य प्रगति पर है। केन्द्रीय भवन अनुसंधान संस्थान रुड़की और आरडब्लूडी की देखरेख में ढाक में चिन्हित भूमि का समतलीकरण के बाद प्लिंथ लेवल का कार्य प्रगति पर है। यहां पर बिजली, पानी, सीवर आदि व्यवस्थाओं के लिए भी कार्रवाई आरंभ हो गई है।

जिला प्रशासन की ओर से जारी सूचना के अनुसार प्रभावित परिवारों के तीक्ष्ण और पूर्ण क्षतिग्रस्त भवनों, विशेष पुनर्वास पैकेज की अग्रिम धनराशि, सामान ढुलाई और तात्कालिक आवश्यकताओं एकमुश्त विशेष ग्रांट और घरेलू सामग्री क्रय के लिए 623 प्रभावितों को 400.27 लाख की राहत धनराशि वितरित की गई है। आपदा प्रभावित 250 परिवारों के 902 सदस्यों को राहत शिविरों में रुकवाया गया है।

राहत शिविरों में भोजन, पेयजल, चिकित्सा इत्यादि मूलभूत सुविधाएं प्रभावितों को उपलब्ध कराई जा रही हैं। वर्तमान तक राहत शिविरों में 1223 व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया है। शीतलहर को देखते हुए राहत शिविरों में प्रभावितों के लिए हीटर, गरम कपड़े, कंबल उपलब्ध कराए जा रहे हैं। सार्वजनिक स्थानों, चौराहों और राहत शिविरों के आसपास 20 स्थानों पर नियमित रूप से अलाव की व्यवस्था की गई है।