रतलाम: मकर सक्रांति पर्व पर अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा तीन दिवसीय 24 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ एवं अन्य आयोजन

Share

01HREG203 रतलाम: मकर सक्रांति पर्व पर अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा तीन दिवसीय 24 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ एवं अन्य आयोजन

रतलाम, 1 जनवरी (हि.स.)। मकर सक्रांति पर्व पर अखिल विश्व गायत्री परिवार रतलाम द्वारा 12 से 15 जनवरी तक 24 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन राजीव गांधी सिविक सेंटर परिसर काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर के पास यज्ञ स्थल पर किया जाएगा, जिसमें शांतिकुंज हरिद्वार से पधारे विद्धजनों द्वारा गायत्री यज्ञ तथा विभिन्न संस्कार संपन्न करवाए जाएंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ 12 जनवरी को दोपहर 2 बजे कालिका माता मंदिर प्रांगण विराट कलश यात्रा आयोजित होगी, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए महायज्ञ कार्यक्रम स्थल राजीव गांधी सिविक सेंटर पहुंचेगी।

पूर्व ट्रस्टी गायत्री परिवार पातीराम शर्मा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रकाश प्रभु राठौर ने बताया कि प्रतिदिन प्रात: यज्ञ के समय विभिन्न संस्कार नि:शुल्क संपन्न करवाए जाएंगे। गायत्री परिवार के परिजनों से संपर्क करके पूर्व पंजीयन अवश्य करवाएं।

इस तीन दिवसीय आयोजन में नारी सम्मेलन, नारी शक्ति सम्मान, युवा सम्मेलन, युवा प्रतिभा सम्मान, सर्व धर्म सम्मेलन, समाज के अग्रजों का सम्मान, धर्मगुरूओं का सम्मान कार्यक्रम भी होंगे।

पुस्तक मेला भी लगेगा

वेद मूर्ति पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा रचित तीन हजार से अधिक युग साहित्य में से चयनित पुस्तकों के नि:शुल्क वितरण के साथ-साथ पुस्तक मेले का भी आयोजन किया जाएगा, साथ ही श्रीमती संगीता एवं प्रकाश प्रभु राठौर के परिवार द्वारा गायत्री मंत्र से अभिमंत्रित सिद्ध रुद्राक्ष गंगाजल, गुरू गीता, गायत्री चालीसा, श्रीमद् भागवत गीता, पुज्य गुरूदेव रचित पुस्तक सुंसान के सहचर एवं हमारी वसियत और विरासत का नि:शुल्क वितरण किया जाएगा।

108 धार्मिक स्थलों के जल-रज भी रहेगी

कार्यक्रम स्थल पर गायत्री परिवार द्वारा संग्रहित 108 धार्मिक स्थलों के जल-रज (मिट्टी), विभिन्न नदियों के जल एवं अभिमंत्रित पूजित बालगोपाल के दिव्य दर्शन, अनुष्ठित एवं देवपुजित दिव्य कलश विशेष रुप से दर्शनार्थ रहेंगे। इसके अतिरिक्त 24-24 हजार के 24 महापुरूक्षण साधना संपन्न होने की महापूर्णाहूति की जाएगी।

कार्यक्रम का स्वरूप

12 जनवरी को दोपहर 2 बजे कालिका माता मंदिर प्रांगण से विराट कलश यात्रा निकलेगी जो विभिन्न मार्गों से होते हुए कार्यक्रम स्थल राजीव गांधी सिविक सेंटर पहुंचेगी जहां कलश पूजन के पश्चात नारी जागरण सम्मेलन तथा नारी शक्ति सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।

13 जनवरी को प्रात: 8 बजे 24 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ प्रारंभ होगा, दोपहर 2 बजे शांतिकुंज हरिद्वार से पधारे विद्धजनों द्वारा प्रज्ञा पुराण कथा का आयोजन होगा। शाम 5 बजे युवा सम्मेलन एवं युवा प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।

14 जनवरी को प्रात: 8 बजे गायत्री महायज्ञ एवं दोपहर 2 बजे प्रज्ञान पुराण कथा तथा शाम 5 बजे विराट दीप महायज्ञ के साथ सर्वधर्म सम्मेलन एवं धर्म गुरूओं का सम्मान किया जाएगा।

चार दिवसीय आयोजन के अंतिम दिन 15जनवरी को प्रात: 8 बजे गायत्री महायज्ञ की पूर्णाहूति एवं कार्यक्रम का समापन होगा। समापन के अवसर पर समाज के अग्रजों का सम्मान किया जाएगा।

कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए गायत्री परिवार ट्रस्ट एवं गायत्री परिजनों ने धर्मप्रेेमी जनता से आग्रह किया है। इस संबंध में एक बैठक का भी आयोजन रविवार को कालिका माता स्थित धर्मशाला में किया गया, जिसमें समाज के विभिन्न लोगों ने उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया।