20HREG357 कार्यसमिति में जोशीमठ आपदा पीड़ितों के साथ खड़े होने पर जताई गई प्रतिबद्धता: मदन कौशिक
-कार्यसमिति में धामी सरकार की विकास योजनाओं की हुई प्रशंसा
देहरादून, 20 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय कार्यसमिति के विशेष आमंत्रित सदस्य व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि कार्यसमिति में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आर्थिक, सामाजिक, धार्मिक-सांस्कृतिक गौरव को लेकर किये ऐतिहासिक कार्यों की चर्चा के साथ जोशीमठ प्रभावित लोगों के साथ खड़े होने की प्रतिबद्धता जताई गई।
शुक्रवार को बलबीर रोड स्थित पार्टी मुख्यालय में मदन कौशिक ने पत्रकार वार्ता की। इस दौरान उन्होंने कहा कि जोशीमठ में भू-धंसाव की समस्या, वैज्ञानिक सर्वेक्षण और सरकार व संगठन की ओर से राहत कार्यों की जानकारी भी कार्यसमिति के सभी सदस्यों दी गई। आपदा को लेकर विस्तार से चर्चा के बाद कार्यसमिति ने जोशीमठ के लोगों को यथा सम्भव मदद का भरोसा दिलाते हुए विशेषज्ञ समितियों के निष्कर्ष अनुसार समस्या के स्थायी समाधान की दृष्टि से काम करने के लिए आश्वस्त किया।
कौशिक ने कहा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में भाजपा शासित राज्यों में चल रही विकास की महत्वाकांक्षी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इनमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चल रही कई योजनाओं की सराहना कर योजनाओं को अन्य राज्यों के लिए रोल मॉडल बताया।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी व चमत्कारिक नेतृत्व में विभिन्न विधानसभा चुनावों में मिली शानदार जीत के लिए भी समस्त राष्ट्रीय नेतृत्व का धन्यवाद किया गया। इसके साथ ही आगामी 9 राज्यों के चुनावों में जीत की योजना व संकल्प पर विचार किया गया। कार्यसमिति में देशवासियों के आर्थिक-सामाजिक कल्याण वाली योजनाओं, देश के सांस्कृतिक-आध्यात्मिक धरोहरों का पुनर्निर्माण व सौंदर्यीकरण करने वाले कार्यों एवं विश्व में आर्थिक-सामरिक महाशक्ति बनने के लिए मोदी सरकार का आभार व्यक्त किया गया।
उन्होंने कहा कि कार्यसमिति में आर्थिक विकास के साथ-साथ एक भारत, श्रेष्ठ भारत, मन की बात, हर घर तिरंगा जैसे अनेकों सांस्कृतिक सामाजिक कार्यक्रमों की भी प्रशंसा की गई। 20 वर्षों तक विपक्ष के लोगों द्वारा प्रधानमंत्री को बदनाम की कोशिशों को जनता की अदालत से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक से निर्णायक जवाब मिलने पर कार्यसमिति के सदस्यों ने मोदी जी को बधाई व शुभकामनाएं दी है।
उन्होंने कहा कि कार्यसमिति में भारत को दुनिया की पांचवीं आर्थिक शक्ति बनने, शंघाई सम्मेलन व जी-20 की अध्यक्षता मिलने को गौरवशाली उपलब्धि बताया। इससे पहले जितने भी देशों ने जी 20 की अध्यक्षता की है उन्होंने इसे अधिकतम 20 कार्यक्रमों तक ही सीमित रखा है। लेकिन समूचे देश को इस स्वर्णिम अवसर का लाभ पहुंचाने वाले प्रधानमंत्री मोदी के विजन का ही नतीजा है कि 200 स्थानों पर इसकी बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। जिनमें 2 कार्यक्रमों का ऋषिकेश उत्तराखंड में होना हमारे लिए गौरवशाली अवसर लेकर आया है।