27HREG96 प्रधानमंत्री के “परीक्षा पर चर्चा” कार्यक्रम का लाइव प्रसारण बीबीएयू में हुआ
लखनऊ, 27 जनवरी (हि.स.)। बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में शुक्रवार को विवि की आजादी का अमृत महोत्सव कमेटी के सहयोग से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “परीक्षा पर चर्चा” कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया।
इस कार्यक्रम का ऑनलाइन लाइव प्रसारण विवि के भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेयी सभागार, पर्यावरण विज्ञान विद्यापीठ के सेमिनार हॉल और अम्बेडकर अध्ययन विद्यापीठ के सभागार में, तथा विवि के अमेठी कैंपस में, चार जगहों पर एक साथ किया गया।
इसका लाइव प्रसारण विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों सहित कुलपति आचार्य संजय सिंह सहित अन्य शिक्षकों ने देखा। कुलपति ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री जिस प्रकार युवाओं को सही मार्गदर्शन प्रदान कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य देने के लिए प्रयासरत हैं। प्रति वर्ष परीक्षा पर चर्चा के माध्यम से विद्यार्थियों से संवाद स्थापित करते हैं, उसको देखते हुए निसंदेह ये कहा जा सकता है कि भारत विश्व गुरु बनने की राह पर तेजी से अग्रसर है। यह कार्यक्रम न सिर्फ विद्यार्थियों को बल्कि उनके अभिभावकों और शिक्षकों को भी दिशा प्रदान करता है।
आजादी का अमृत महोत्सव कमेटी की अध्यक्ष प्रो. शिल्पी वर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में लगभग 1500 विद्यार्थी लाइव प्रसारण के माध्यम से जुड़े और लाभान्वित हुए। इस अवसर पर विवि के छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. बीएस भदौरिया, प्रो. बीबी मलिक, प्रो. सुनीता मिश्रा समेत अन्य शिक्षक कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
इस लाइव प्रसारण में विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री को उत्सुकता से सुना और उनके समय के प्रबंधन के सुझाव से बेहद प्रेरित भी हुए। जिसमें प्रधानमंत्री ने घर पर मां की गतिविधियों से समय प्रबंधन का हुनर सीखने की प्रेरणा दी। उन्होंने बड़ी ही सरलता से समय के प्रबंधन के तरीकों, उपयोगिता और जीवन भर इस आदद से मिलने वाले लाभ को समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी प्रतिभा को समझने और उसे निखारने की भी सलाह दी।