27HREG103 सेंट कोलम्बस स्कूल में दिखाया गया ‘परीक्षा पे चर्चा’ का सजीव प्रसारण
–यूईंग क्रिश्चियन महाविद्यालय में दो दिवसीय कार्यक्रम का समापन
प्रयागराज, 27 जनवरी (हि.स.)। सूचना और प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय संचार ब्यूरो प्रयागराज द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आयोजित परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम का सजीव प्रसारण सेंट कोलम्बस स्कूल राजापुर में छात्राओं व अध्यापकों को दिखाया गया।
प्रधानमंत्री मोदी ने देश भर के छात्र-छात्राओं को सम्बोधित किया और उनके द्वारा पूछे गए सवालों को आसानी से समझाया। प्रधानमंत्री ने देश भर के बच्चों की परीक्षा को लेकर तनाव, चिंता, डर को उदाहरण देकर दूर करने के तरीके बताये। पूरे कार्यक्रम के सजीव प्रसारण को छात्राओं ने पूरे उत्साह से देखा।
परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के बाद छात्राओं के मध्य पूजा नेगी व सुभाष उपाध्याय की देख-रेख में नारा लेखन व पोस्टर पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के विजयी छात्राओं को केन्द्रीय संचार ब्यूरो के उप निदेशक आरिफ हुसैन रिजवी व कालेज की प्रधानाचार्या क्रिस वेल ने संयुक्त रूप से पुरस्कार व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। ब्यूरो के सहायक राममूरत ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा बतायी गयी बातों को अपने जीवन में लागू करें। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को आजादी का अमृत महोत्सव से सम्बंधित हैण्डबिल उपलब्ध कराया गया।
यूईंग क्रिश्चियन महाविद्यालय में आजादी का अमृत महोत्सव अंतर्गत आयोजित दो दिवसीय जन जागरूकता कार्यक्रम के समापन पर मेरे सपनों का भारत विषय पर भाषण प्रतियोगिता, आर्थिक विकास के द्वारा हम विश्व की सभी समस्याओं का निराकरण कर सकते हैं विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता, देशभक्ति गायन प्रतियोगिता तथा संगोष्ठी का आयोजन किया गया। ब्यूरो के वरिष्ठ सहायक राम मूरत ने प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता संचालित की। विजयी प्रतिभागियों को विभाग की ओर से प्रमाण पत्र व पुरस्कार प्रदान किये गये।