27HREG97 तनाव से मुक्ति दिलाने का कार्यक्रम है परीक्षा पर चर्चा: मुख्यमंत्री धामी
देहरादून, 27 जनवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम को शुक्रवार को देहरादून में उत्साहपूर्वक सुना गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस चर्चा को राजकीय लक्ष्मण इंटर कॉलेज में सुना। चर्चा के पश्चात मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने जो बच्चों को परीक्षा में मोटिवेट करने के लिए उपाय बताएं निश्चित तौर पर सभी विद्यार्थियों को उस पर अमल करना चाहिए और उसको अपने जीवन में डालना चाहिए, ताकि जो वे सफल हो सकें। बच्चों को परीक्षाओं में तनाव से छुटकारा मिल सके।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने जो विद्यार्थियों के साथ-साथ अभिभावकों और गुरुजनों को सलाह दी है उनको भी इस पर पूर्ण विचार करना चाहिए। भविष्य में बच्चे किस तरीके से नि:संकोच बिना तनाव के परीक्षा दे सकें, उस पर अमल करना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का बच्चों को प्रोत्साहित करने का यह कार्यक्रम उनकी घबराहट दूर करने वाला तथा परीक्षा के अनुकूल वातावरण बनाने की दिशा में एक प्रभावकारी कदम है। इस तरह के प्रयासों से परीक्षा में हताश निराश नहीं होते। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से जहां बच्चों को प्रोत्साहन मिलता है वहीं परीक्षा के आसपास घटने वाली घटनाएं कम हो जाती हैं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ ही शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह तथा शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।