30HREG101 घुटनों के लिए ओस्टियोटॉमी एक बेहतर विकल्प : डॉ. गौरव संजय
देहरादून 30 जनवरी (हि.स.)। चिकित्सा क्षेत्र में हो रही क्रांति का लाभ आम आदमी को मिले। इसके लिए केंद्र सरकार और विभिन्न स्वास्थ्य संगठन लगातार अपने प्रयास लगते रहते हैं। इसमें चिकित्सक भी पीछे नहीं हैं फिर वे सरकारी हों या निजी। दोनाें ही अपने-अपने तरीके रोगियाें को उपचार में नई तकनीक का प्रयोग कर रहे हैं।
इन्हीं में एक हैं डॉ. गौरव संजय, जो यह मानते हैं कि कम आय वाली एशियाई आबादी के लिए घुटने के लिए ओस्टियोटॉमी (रिअलाइनमेंट सर्जरी) एक बेहतर उपाय है। उनका कहना है कि घुटनों के रिप्लेसमेंट सर्जरी की तुलना में घुटनों की ओस्टियोटॉमी बहुत बढ़िया विकल्प है।
डॉ. गौरव संजय सोमवार को इस संदर्भ में बताया कि उन्होंने इजराइल आर्थोपीडिक एसोसिएशन के 45वें सम्मेलन में अपना एक क्लीनिकल अध्ययन प्रस्तुत किया है। उन्होंने अपने इस अध्ययन के दौरान घुटने की ऑस्टियोआर्थराइटिस के 113 रोगियों को शामिल किया था, जिनकी उम्र 46 से 89 वर्ष के बीच की थी, जिन्हें अप्रैल 2005 से दिसंबर 2017 तक ओपन वेज हाई टिबियल ओस्टियोटॉमी के साथ इलाज किया गया था। सभी रोगियों को पैरों के टेढ़ेपन और दर्द की शिकायत थी। 33 रोगियों में दोनों तरफ की ओस्टियोटॉमी की गई थी। हड्डी को काटकर और प्लेट से ठीक करके विकृति को ठीक किया गया था। रोगी ऑपरेशन के अगले दिन से ही चलने लगते हैं।
डॉ. का कहना है कि उम्र के साथ ऑस्टियोआर्थराइटिस बढ़ता रहता है और सभी जोड़ घिसते रहते हैं। एशियन लोगों में खासतौर से घुटनों के जोड़ों के घिसने की संभावना ज्यादा होती है। अधिकांशत: एशियन लोगों के रोजमर्रा के काम एवं पूजा-पाठ उखड़ू बैठकर एवं पलौथी मारकर ही किए जाते हैं। मुख्यत: गठिया का दर्द सभी रोगियों में सर्जरी के बाद ठीक हो जाता है। 90 प्रतिशत लोगों का घुटनों का दर्द खत्म हो जाता है। इस ऑपरेशन के बाद लोग जमीन पर उखड़ू एवं पलौथी मारकर बैठ सकते हैं। खेत-खलिहानों में काम कर सकते हैं और यहां तक कि पहाड़ों पर भी आसानी से चल-फिर सकते हैं।
डॉ. गौरव ने अपने शोध पत्र में निष्कर्ष निकाला कि मीडियल ओपन वेज हाई टिबियल ओस्टियोटॉमी तकनीकी रूप से एक सरल प्रक्रिया है और वित्तीय रूप से एक सस्ता और सामाजिक रूप से एक स्वीकार्य विकल्प है। खासकर एशियाई देशों में जहां उखड़ू बैठना और पालथी मारना रोजमर्रा के काम करने के लिए एक आम बात है, इसलिए घुटनों के रिप्लेसमेंट सर्जरी की तुलना में घुटनों की ओस्टियोटॉमी एक बेहतर विकल्प है।