29HELE2 जिले के 4639 मतदाता 30 जनवरी को करेंगे अपने मताधिकार का प्रयोग
-जनपद के समस्त 25 मतदेय स्थलों पर पहुंची पार्टियां
झांसी, 29 जनवरी (हि.स.)। बुंदेलखंड महाविद्यालय प्रांगण से सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार ने सोमवार को झांसी-इलाहाबाद खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक सामान्य निर्वाचन-2023 को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराए जाने के लिए जनपद के 25 मतदेय स्थलों पर पोलिंग पार्टियां रवाना की। इसके उपरांत माइक्रो ऑब्जर्वर व्यवस्था, निर्वाचक नामावली की कार्यकारी प्रतियां तैयार करना, वीडियोग्राफी व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरा व्यवस्था, मीडिया सेल, कंट्रोल रूम शिकायत प्रकोष्ठ नियंत्रण कक्ष एवं कॉल सेंटर, यातायात व्यवस्था आदि निर्वाचन कार्य को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
यातायात व्यवस्था को लेकर उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि रूट प्लान के माध्यम से पोलिंग पार्टियों को मतदान स्थल तक ले जाया जाए। उन्होंने प्रभारी अधिकारी यातायात व्यवस्था को निर्देशित करते हुए कहा कि पोलिंग पार्टियों की रवानगी के उपरांत सभी वाहनों की सूचना प्राप्त करेंगे की यथावत स्थान पर पहुंचे हैं या नहीं और उन्होंने संबंधित अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि बस के ड्राइवर का नंबर एवं बस में उपस्थित जिम्मेदार अधिकारी एवं कर्मचारी का नंबर प्रत्येक दशा में ले लें जिससे वाहनों को ट्रैक करने में किसी प्रकार की परेशानी ना हो।
आगे उन्होंने यातायात व्यवस्था को लेकर एआरटीओ को निर्देशित करते हुए कहा कि वाहनों को रिजर्व रखा जाए जिससे कि आवश्यकता पड़ने पर किसी प्रकार की परेशानी उत्पन्न ना हो। उन्होंने कहा कि जो पार्टियां रवाना हों, उनके साथ शस्त्र धारी पुलिस बल को लगाया जाए और जो बस मतपत्र पेटी लेकर मुख्यालय जाएगी उसके साथ पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने एफएस-एसएसटी टीम को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। किसी भी बूथ पर किसी वोटर को किसी अन्य व्यक्ति को साथ ले जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने बताया कि जनपद में कंट्रोल रूम शिकायत प्रकोष्ठ नियंत्रण कक्ष/कॉल सेंटर की स्थापना की गई है, चुनाव से संबंधित कोई भी शिकायत या समस्या कंट्रोल रूम के जारी किए गए नंबरों पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। कंट्रोल रूम नंबर निम्नलिखित नंबर-0510 2371100,2371199।
उन्होंने पोलिंग पार्टियों से कहा कि बूथ से 200 मीटर की दूरी में ही लोग अपना-अपना कैंप लगाएं यह भी प्रत्येक दशा में सुनिश्चित किया जाए। मतदान सुबह 8 से शाम 4 बजे तक किया जाएगा, जिसको लेकर समस्त उप जिलाधिकारी एवं समस्त क्षेत्राधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में संयुक्त रूप से भ्रमण सील रहेंगे।