मौनी अमावस्याः यमुना बेतवा के संगम पर उमड़ा जनसैलाब

Share

21HREG26 मौनी अमावस्याः यमुना बेतवा के संगम पर उमड़ा जनसैलाब

-सर्दी के बावजूद हजारों लोगों ने किया स्नान, प्राचीन मंदिरों में भी हुई पूजा अर्चना

हमीरपुर, 21 जनवरी (हि.स.)। हमीरपुर जिले में मौनी अमावस्या पर शनिवार को यहां यमुना और बेतवा नदी के संगम पर हजारों श्रद्धालुओं ने डुबकी लगायी। स्नान करने के बाद यमुना नदी किनारे ऐतिहासिक संगमेश्वर मंदिर में जलाभिषेक किया गया। स्थानीय पतालेश्वर मंदिर में भी पूजा का दौर जारी है।

नगर से करीब पांच किमी दूर मेरापुर गांव के पास यमुना और बेतवा नदी के संगम पर सुबह से मौनी अमावस्या पर स्नान करने वालों का तांता लग गया। सर्दी के बावजूद हजारों लोगों ने पवित्र स्थल पर आस्था की डुबकी लगायी और नदी किनारे स्थित प्राचीन संगमेश्वर मंदिर, पतालेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना की। संगम में स्नान करने का दौर अभी भी जारी है।

नगर में चौरादेवी मंदिर में भी मौनी अमावस्या पर पूजा अर्चना के लिये श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। वहीं, कल्पवृक्ष की पूजा कर महिलाओं ने फेरे लगाए। यमुना पुल पार बिहारेश्वर बाबा मंदिर, गौरीशंकर मंदिर व मनेश्वर मंदिर में भी पूजा अर्चना का दौर जारी है। सुबह से ही इन प्रसिद्ध मंदिरों में श्रद्धालुओं की लम्बी कतारें पूजा अर्चना के लिए लग गयी है।

जिले के सुमेरपुर, मौदहा, कुरारा, राठ, मुस्करा, सरीला और गोहांड क्षेत्र में मौनी अमावस्या पर स्थानीय नदियों में स्नान करने के लिये भारी भीड़ उमड़ी। पंडित दिनेश दुबे ने बताया कि मौनी अमावस्या पर सभी को घर से निकलकर पवित्र नदियों के किनारे स्नान कर दान करना चाहिये। मौनी अमावस्या को सोमवारी अमावस्या भी कहा जाता है इसलिए थोड़ी सी सावधानी भी बरती जानी चाहिए। जैसे हल्दी और सरसों के तेल से आज के दिन परहेज करना चाहिए।