मंत्री ने सेब की नई पॉलिसी के लिए काश्तकारों के साथ किया संवाद

Share

04HREG203 मंत्री ने सेब की नई पॉलिसी के लिए काश्तकारों के साथ किया संवाद

-अब किसान पसंद की लगा पाएंगे सेब की पौध

-अधिक डिमांड को किया जाएगा प्रमोट

देहरादून, 04 जनवरी (हि.स.)। उत्तराखंड में सेब की नई पॉलिसी के लिए 100 से अधिक सेब काश्तकारों के साथ संवाद कर सुझाव लिए गए। राज्य में अब अपनी-अपनी पसंद की सेब बागवान के पौध लगा पाएंगे।

बुधवार को देहरादून के राजकीय उद्यान सर्किट हाउस में कृषि और कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने प्रदेश के सेब उत्पादक प्रगतिशील कृषकों के साथ संवाद एवं विचार गोष्ठी की गयी। अनेक जनपदों के सेब काश्तकारों और बागवानों ने हिस्सा लिया। साथ ही कई किसान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी जुड़े। इस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों से पहुंचे सेब बागवानी ने अपने सुझाव दिए। गोष्ठी में प्लांटिंग मैटेरियल सेब की नई वैरायटी के अध्ययन,किसानों को प्रशिक्षण नर्सरियों के सत्यापन,मार्केटिंग सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार विमर्श किया गया।

मंत्री जोशी ने कहा कि एप्पल के प्लांटिंग सीजन को देखते हुए आज पूरे प्रदेश के करीब 100 से अधिक उन्नत सेब काश्तकार किसानों के साथ संवाद किया गया और उनके सुझाव लिए गए। सेब काश्तकारों के सुझाव के अनुरूप जो नई नीति बनाई जाएगी,उसमे सभी सेब बागवानों के सुझाव भी शामिल किए जाएंगे। हम कितनी भी नई वैरायटी लाए अगर किसानों को प्रशिक्षण नहीं देंगे तो किसान उसका लाभ नहीं उठा पाएगा।

उन्होंने कहा कि मार्केट में जिस सेब की वैरायटी की सबसे अधिक डिमांड होगी,उसे प्रमोट किया जाएगा। साथ ही, सेब नई प्रजातियों का अध्ययन कर उसे इस्तेमाल में लाया जाएगा। किसान की जो मांग होगी, उसी के अनुसार उन्हें पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे।

ब्लॉक स्तर तक से बागवानों को दिया जाएगा प्रशिक्षण-

मंत्री ने अधिकारियों को सुनिश्चित करते समय यूनिवर्सिटी के कुलपति को प्रशिक्षण की जिम्मेदारी सौंपी। अगली बार से ब्लॉक स्तर तक से बागवानों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। हम यह भी सुनिश्चित करेंगे कि किसानों की जो पैदावार है,उसकी मार्केटिंग की जिम्मेदारी सरकार की होगी।

दस दिन फील्ड में रहेंगे-

मंत्री ने उद्यान निदेशक को विभाग के फील्ड में रहने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को मॉनिटरिंग करने के भी निर्देश दिए। इसके अलावा मंत्री जोशी ने उद्यान निदेशक को 10 दिन फील्ड में रहने के भी निर्देश दिए।

वर्ष 2025 में उत्पाद को दुगना करेंगे:-

मंत्री ने कहा सेब बागवानों को उच्च गुणवत्ता युक्त पौध उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उस दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे है। किसानों और बागवानों के अनुभवों के साथ मिलकर वर्ष 2025 में हम अपने उत्पाद को दोगुना करेंगे।

इस मौके पर दूर दराज से पहुंचे सेब काश्तकारों ने मंत्री का नई पॉलिसी के लिए किसानों के सुझाव शामिल करने के लिए उनका आभार भी व्यक्त किया।

संवाद में कृषि सचिव बीवीआरसी पुरुषोत्तम, अपर सचिव रणवीर सिंह चौहान,उद्यान निदेशक एचएस बवेजा,कुलपति डॉ.परमेद्र कौशल सहित प्रदेश से आए हुए बागवान और अधिकारीगण उपस्थित रहे।