मसूरी धनोल्टी रोड पर लगा लंबा जाम, पर्यटकों को उठानी पड़ी परेशानी

Share

21HREG404 मसूरी धनोल्टी रोड पर लगा लंबा जाम, पर्यटकों को उठानी पड़ी परेशानी

मसूरी, 21 जनवरी (हि.स.)। मसूरी और आसपास के क्षेत्र में हुई बर्फबारी का दीदार करने के लिए शनिवार को भारी संख्या में पर्यटक मसूरी और धनोल्टी पहुंचे और बर्फबारी का जमकर आनंद लिया लेकिन वाहनों की भारी संख्या के कारण कई जगहों पर लंबा जाम लग गया। इससे पर्यटकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

मसूरी के बुरासखंडा सुवाखोली में पर्यटकों को काफी देर जाम में फंसे रहना पड़ा। दिल्ली से आए पर्यटक शमशेर सिंह ने बताया कि वह दिल्ली से सीधा मसूरी होते हुए धनोल्टी पहुंचे लेकिन यहां पर लगे जाम के कारण उनका पूरा टूर खराब हो गया और करीब 2 से 3 घंटे तक वह जाम में फंसे रहे। इससे वह बर्फबारी का आनंद नहीं उठा पाए।

उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन को जाम के झाम से निपटने के लिए कोई ठोस रणनीति बनानी चाहिए जिससे कि दूरदराज से आ रहे पर्यटकों को किसी प्रकार की दिक्कत ना हो। पंजाब से आए हरमिंदर सिंह ने कहा कि मसूरी और धनोल्टी बर्फ का आनंद लेने आए थे परंतु वापस लौटते समय उनको जाम से दो चार होना पड़ा। कई घंटे जाम में फंसने के बाद वह मसूरी पहुचे़ जिससे उनको और उनके परिवार को बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ा।

उन्होंने कहा कि मसूरी और धनोल्टी एक पर्यटन नगरी है ऐसे में सरकार और प्रशासन को यहां पर यातायात व्यवस्थित किए जाने को लेकर कार्य किया जाना चाहिए।

सीओ मसूरी नीरज सेमवाल ने बताया कि बर्फबारी के बाद मसूरी और धनोल्टी रोड पर अत्यधिक भीड़ होने के कारण कुछ समय के लिए कुछ जगहों पर जाम जरूर लगा है, जिसको स्थानीय लोगों और पुलिस ने कुछ समय बाद खुलवा लिया गया था। उन्होंने बताया कि कुछ बडी बसों के आने के कारण जाम की स्थिति पैदा हुई है। आने वाले कुछ दिनों में मसूरी धनोल्टी मार्ग में स्पेशल ट्रैफिक पुलिस तैनात की जाएगी जिससे कि जाम की समस्या ना हो।