05HREG80 मप्र में मकर संक्रांति पर चायनीज मांझा बेचने वालों के खिलाफ हो सकती है रासुका के तहत कार्रवाई
भोपाल, 5 जनवरी (हि.स.)। मकर संक्रांति का पर्व कुछ दिनों बाद आने वाला है। मकर संक्रांति पर पतंगबाजी खूब होती है और पूरा आसमान इस खास दिन पतंगों से भर जाता है। मकर संक्रांति पर्व पर पतंगबाजी में चायनीज मांझे के उपयोग पर रोक के बावजूद कई दुकानदार इसे बेचते हैं, जिससे कई अप्रिय घटनाएं देखने को मिलती है। ऐसे ही मामलों का संज्ञान लेते हुए प्रदेश सरकार ने इस मामले में सख्त रुख अपनाया है। प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने चाइनीज मांझा बेचने वालों को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में कहीं भी अगर कोई चाइनीज मांझा बेचता हुआ पकड़ा गया तो उनके खिलाफ रासुका की कार्रवाई की जाएगी।
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि मकार संक्रांति नजदीक है। चाइनीज मांझा बेचने वालों को उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि हमने कल ही उज्जैन में चाइनीज मांझा बेचने वाले का घर जींमदोज किया है। यह कार्रवाई का सिर्फ एक हिस्सा था। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर कोई चायनीज मांझा बेचने की सोचता भी है तो वो संभल जाए। चाइनीज मांझा बेचने वालों पर प्रदेश के अंदर उनके खिलाफ रासुका जैसी कार्रवाई हो सकती है। इसलिए ऐसे लोग खबरदार हो जाएं।