30HREG376 महात्मा गांधी की पुण्यतिथि कुष्ठ निवारण दिवस के रूप में मनी
-रैली, नुक्कड नाटक व गोष्ठियों के आयोजन के साथ ‘स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान’ शुरू
वाराणसी, 30 जनवरी (हि.स.)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि सोमवार को कुष्ठ निवारण दिवस के रूप में मनाई गई। एंटी लेप्रोसी डे (कुष्ठ निवारण दिवस) मनाने के साथ देश को कुष्ठ मुक्त बनाने के लिये जिले में ‘स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान’ भी शुरू हुआ। इस अवसर पर जागरूकता रैली निकाली गयी और नुक्कड नाटक व गोष्ठियों का आयोजन कर लोगों को कुष्ठ रोग के लक्षण, इसके उपचार की जानकारी दी गयी।
साथ ही देश को कुष्ठ रोग से मुक्त करने का संकल्प भी लिया गया। जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. संदीप चौधरी ने बताया कि ‘स्पर्श’ कुष्ठ जागरूकता अभियान’ का उद्देश्य कुष्ठ के लक्षणयुक्त मरीजों को खोजकर व पुष्टि कराकर जल्द से जल्द उनको दवा खिलाने की शुरुआत करना है। इससे मरीज को विकलांगता से बचाया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि यह अभियान 13 फरवरी तक चलेगा। इस दौरान स्वास्थ्य टीम जनपदवासियों को कुष्ठ के बारे में जागरूक भी करेगी। कुष्ठ निवारण दिवस के अवसर पर ही बड़ालालपुर स्थित जीवन दीप कालेज आफ नर्सिंग की छात्राओं ने जागरूकता रैली निकाली। रैली को जिला कुष्ठ अधिकारी एसीएमओ डा. एके मौर्या ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।