गोमती तट पर हो रहा मां पीतांबरा महायज्ञ

Share

25HREG371 गोमती तट पर हो रहा मां पीतांबरा महायज्ञ

-पीली सरसों व हल्दी की गांठ से हुई हवन

लखनऊ, 25 जनवरी (हि.स.)। लक्ष्मणनगरी में गोमती के तट पर मां पीतांबरा का 108 कुण्डीय महायज्ञ हो रहा है। यज्ञाध्यक्ष योगी राकेश एवं यज्ञ साधक रामाश्रम महाराज ने महायज्ञ के चौथे दिन माई की विशेष पूजा की। हवन के तीनों पाली में पीली सरसों, हल्दी की गांठ, गन्ना, मिश्री, शहद, कमल गट्टा, नींबू, हलवा, पूड़ी, लड्डू एवं विविध प्रकार कि सामग्रियों से माई का हवन किया गया।

यज्ञ समिति के मीडिया प्रभारी अभय उपाध्याय ने बताया कि आज के यजमान के रूप में निवर्तमान महापौर संयुक्ता भाटिया, जितेंद्र कुमार आईएएस प्रमुख सचिव भाषा एवं सामान्य प्रशासन एवं भाजपा नेता अशोक बाजपाई रहे। सभी यजमानों ने कथावाचक मनु महाराज की कथा का श्रवण किया।

यज्ञ में हिस्सा लेने पहुंची संयुक्ता भाटिया ने कहा कि यज्ञ भारतीय संस्कृति का दर्पण है। मां पीतांबरा के इस यज्ञ को सभी लोगों को सपरिवार एक पाली में आकर करना चाहिए और मैं भी अपने पूरे परिवार के साथ इस यज्ञ को करके अपने आप को भाग्यशाली मान रही हूं।

आयोजन में मुख्य रूप से सामाजिक समरसता विभाग अवध प्रान्त के प्रमुख राजकिशोर, प्रशांत भाटिया, भाग कार्यवाह अनुज गुप्ता, रविशंकर व शिशिर चतुर्वेदी एवं अन्य भक्त उपस्थित रहे।