26HREG230 गोमती तीरे स्वाहा की गूंज, राजधानी में हो रहा मां पीताम्बरा 108 कुण्डीय महायज्ञ
लखनऊ, 26 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गोमती तट पर मां पीताम्बरा 108 कुण्डीय महायज्ञ चल रहा है। यज्ञ में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से लोग पहुंचकर यज्ञ में सहभागी हो रहे हैं। गोमती तट यज्ञ के दौरान गोमती तीरे स्वाहा की गूंज से गुंजायमान है।
महायज्ञ में 108 हवन कुण्ड बनाये गये हैं। इन हवनकुण्डों में 108 विद्वान 108 परिवारों को एक साथ यज्ञमान के रूप में बैठाकर यज्ञ सम्पन्न करवा रहे हैं। हवन में पीली सरसों हल्दी की गांठ, गन्ना मिश्री शहद कमल गट्टा समेत विविध प्रकार कि सामग्रियों से हवन किया जा रहा है। महायज्ञ के पांचवे दिन मां पीताम्बरा की विशेष पूजा की गयी।
यज्ञ के उपरांत कथावाचक मनु जी महाराज के मुखारबिन्द से कथा का श्रवण भी भक्तगण करते हैं। राजकिशोर ने बताया कि 22 जनवरी से मां पीताम्बरा 108 कुण्डीय महायज्ञ स्वामी श्री रामाश्रम महाराज की देखरेख में हो रहा है। इस महायज्ञ में लखनऊ के कोने-से लोग आकर सहभागी हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस महायज्ञ में कोई भी यज्ञमान बन सकता है। यज्ञ का समापन 30 जनवरी को होगा। इससे पूर्व संत सम्मेलन और भण्डारा भी होगा।