24HSPO3 एलएलसी मास्टर्स 2023 में हिस्सा लेंगे अशोक डिंडा, शेन वॉटसन, उपुल थरंगा व केविन ओ’ब्रायन
नई दिल्ली, 24 जनवरी (हि.स.)। दिग्गज ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर शेन वॉटसन, श्रीलंका के पूर्व सलामी बल्लेबाज उपुल थरंगा, आयरलैंड के पूर्व बल्लेबाज केविन ओ’ब्रायन और भारतीय तेज गेंदबाज अशोक डिंडा ने लीजेंड्स लीग क्रिकेट (एलएलसी) में खेलते नजर आएंगे। इन सभी ने टूर्नामेंट में भाग लेने की पुष्टि की है।
एलएलसी मास्टर्स 27 फरवरी से 8 मार्च, 2023 तक कतर में खेला जाएगा। इस साल एलएलसी मास्टर्स के दौरान 12 देशों के खिलाड़ी खेलेंगे। पुष्टि किए गए खिलाड़ियों की सूची में क्रिस गेल, इरफान पठान, असगर अफगान और मोंटी पनेसर शामिल हैं।
उपुल थरंगा ने कहा, ‘लीजेंड्स लीग क्रिकेट का पहला सीजन खेलना वास्तव में शानदार अनुभव था क्योंकि अन्य दिग्गजों के साथ खेलने से देश के लिए खेलने की पुरानी यादें ताजा हो जाती हैं।’
केविन ओ’ब्रायन ने कहा, “दोनों सीज़न खेलने के बाद, मैं एक बार फिर से अपने कौशल और प्रतिभा का प्रदर्शन करने और वास्तव में प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेलने के लिए बहुत उत्साहित हूं। मैं एलएलसी मास्टर्स में अपनी टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन करने के लिए उत्सुक हूं।”
अशोक डिंडा ने कहा, “जहां तक मेरे प्रदर्शन का संबंध है, भारत में पिछला सीजन मेरे लिए वास्तव में अच्छा था। मैं एलएलसी मास्टर्स के दौरान भी खेल का आनंद लेने के लिए उत्सुक हूं।”
शेन वॉटसन ने कहा, “मैं पिछले सीज़न से कुछ विशेष यादें लेकर आया हूं और अपने प्रशंसकों का मनोरंजन करते हुए और अधिक बनाने की उम्मीद करता हूं।”
एल्बी मोर्केल ने कहा, “मैं फिर से लीजेंड्स का हिस्सा बनकर बहुत उत्साहित हूं। कतर में होने वाले टूर्नामेंट का इंतजार कर रहा हूं।”
बांग्लादेश के पूर्व बल्लेबाज राजिन सालेह ने कहा, “मैं लीजेंड्स लीग क्रिकेट को फॉलो कर रहा हूं। मैं पिछले सीजन की गंभीरता को देखते हुए एलएलसी मास्टर्स के दौरान कुछ गुणवत्तापूर्ण क्रिकेट की उम्मीद कर रहा हूं।”
लीजेंड्स लीग क्रिकेट के सह-संस्थापक और सीईओ रमन रहेजा ने कहा, “एलएलसी मास्टर्स के लिए खिलाड़ियों का पूल बड़ा होता जा रहा है। हम इस सीजन में कुछ पुरानी प्रतिद्वंद्विता और अच्छी प्रतिस्पर्धी क्रिकेट देखने जा रहे हैं। हम जल्द ही इसके कार्यक्रम की घोषणा करेंगे।”