23HENT8 नहीं रहे कन्नड़ फिल्मों के खलनायक लक्ष्मण, लंबे समय से थे बीमार
मुंबई, 23 जनवरी (हि.स.)। कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री में खलनायक के तौर पर पहचाने जाने वाले प्रसिद्ध अभिनेता लक्ष्मण का सोमवार सुबह चार बजे दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वे लंबे समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे। उन्होंने मुदालपल्ली स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली।
अभिनय के दौरान लक्ष्मण ने राजकुमार, विष्णुवर्धन, अंबरीश, रजनीकांत सहित दिग्गज अभिनेताओं के साथ अभिनय किया। इस क्रम में उन्होंने एक खलनायक के रूप में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। लक्ष्मण ने 200 से ज्यादा फिल्मों में खलनायक की भूमिका निभाई है। उन्होंने खलनायक का किरदार कुछ इस कदर निभाया कि आम जीवन में भी लोग उनसे डरते थे।
लक्ष्मण का जन्म बेंगलुरु में हुआ था। उनके पिता एक सैन्य अधिकारी थे। लक्ष्मण ने एसएसएलसी तक पढ़ाई की। गरीबी के कारण उन्हें स्कूल छोड़ना पड़ा था। लक्ष्मण के निधन पर फिल्म जगत के दिग्गजों ने शोक व्यक्त किया है और उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं।