25HREG376 हरदा में प्रदेश सरकार पर गरजे कमलनाथ, भाजपा की विकास यात्रा को बताया निकास यात्रा
भोपाल, 25 जनवरी (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने बुधवार को हरदा में विशास जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान कमलनाथ प्रदेश की शिवराज सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि हरदा की पहचान ‘‘खेल” और ‘‘खेत” से प्रदेश भर में की जाती है। इस बात का बेहद अफसोस है कि आज खेत का क्या हाल है, यह तस्वीर आप सबके सामने है, मुझे दोहराने की आवश्यकता नहीं है।
कमलनाथ ने निशाना साधते हुए कहा कि कृषि मंत्री का गृह जिला होने के बावजूद आज यहां के क्या हालात हैं। मैं आपसे क्या कहूं क्योंकि आप सबने तो बहुत कुछ स्वयं भुगता है और पूरे प्रदेश में यही हालात है। अपना मध्यप्रदेश घोटाला प्रदेश होता जा रहा है, कुपोषण प्रदेश होता जा रहा है। शिवराज जी घोषणा मशीन हैं, बल्कि केवल घोषणा मशीन नहीं है, वे मुंह चलाना बहुत अच्छे से जानते हैं, इसलिए भाषण की मशीन भी है, झूठ बोलने की मशीन है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 18 साल से प्रदेश में भाजपा का राज रहा, अपने 18 वर्षों का हिसाब देने की बात नहीं करेंगे, अब विकास यात्रा यह लोग निकालने जा रहे हैं, यह विकास यात्रा नहीं यह तो इनकी “निकास यात्रा” है। हर चुनाव प्रजातंत्र का एक उत्सव होता है, 7 महीने बाद जो चुनाव है वह एक बड़ा प्रजातंत्र का उत्सव है, विकास की बात तो हम करते ही हैं परंतु आने वाले चुनाव में आप सबको अपने देश की संस्कृति जो कि दिल, संबंध और रिश्ते जोडऩे की संस्कृति है, उस संस्कृति पर बड़ा हमला किया जा रहा है, धर्म जाति अथवा भाषा के नाम पर समाज को बरगलाने का और ध्यान भटकाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की ध्यान मोडऩे की राजनीति को समझने की सबसे ज्यादा आवश्यकता है, कैसे यह नए नए मुद्दे लाएंगे और आपका ध्यान मोडऩे का प्रयास करेंगे जनता को गुमराह किया जाएगा, यह इनके आज मुद्दे रह गए हैं। आप सबसे यही कहना चाहूंगा कि प्रदेश की तस्वीर अपने सामने रखिए सच्चाई का साथ अवश्य दीजिएगा, सच्चाई का साथ देंगे तो मैं आपको आश्वासन देता हूं मध्य प्रदेश के विकास का एक नया इतिहास बनाएंगे।