गाजियाबाद : विकास भवन की कैंटीन से एक लाख की रिश्वत लेते हुए अवर अभियंता रंगे हाथों गिरफ्तार

Share

19HREG470 गाजियाबाद : विकास भवन की कैंटीन से एक लाख की रिश्वत लेते हुए अवर अभियंता रंगे हाथों गिरफ्तार

गाज़ियाबाद, 19 जनवरी (हि.स.)। मेरठ की एन्टी करप्शन टीम ने ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के जेई सुभाष चंद्र शर्मा को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। उसे विकास भवन के पास कैंटीन से गिरफ्तार किया गया है। जेई ने मेरठ के कंस्ट्रक्शन ठेकेदार से 17 लाख का बिल पास कराने के लिए तीन लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। एंटी करप्शन इंस्पेक्टर की ओर से थाना कविनगर में आरोपित जेई के खिलाफ भ्रष्टाचार का मुकदमा दर्ज कराया गया है।

ठेकेदार राहुल ने बताया कि जेई सुभाष चंद्र शर्मा ने बिल को पास कराने की एवज में तीन लाख रुपये रिश्वत मांगी। एक लाख रुपये पर बात बन गई। जेई ने गुरुवार को रिश्वत के लिए ठेकेदार को बुलाया था। गाजियाबाद में विकास भवन के सामने कई कैंटीन बनी हुई है। इसी कैंटीन में एक कुर्सी पर बैठे जेई सुभाष चंद्र शर्मा ने ठेकेदार राहुल को एक लाख रुपये रिश्वत लेकर बुलाया था।

इधर, राहुल ने पहले ही एंटी करप्शन टीम को सूचित कर दिया था। पहले से बनाए गए जाल के मुताबिक, राहुल ने जैसे ही जेई को रकम थमाई, वैसे ही एंटी करप्शन यूनिट ने जेई को रिश्वत लेते रंगे हाथों धर दबोचा। टीम अब आरोपित जेई को कविनगर थाने में ले गई है। यहां उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया है।