25HREG435 गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर सार्वजनिक स्थानों पर खुफिया तंत्र चौकस
-एयरपोर्ट सहित सार्वजनिक स्थानों पर गश्त, हो रही निगहबानी
वाराणसी, 25 जनवरी (हि.स.)। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में पुलिस अफसर और खुफिया तंत्र सतर्क रहे। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अन्तरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर चौकसी बरती गई। सुरक्षा के मद्देनजर विमान यात्रियों की गहनता से जांच पड़ताल की जा रही है। सीआईएसएफ के क्यू आरटी दस्ते के जवान सतर्क है।
एसीपी पिंडरा अमित कुमार पांडेय ने सीआईएसएफ के सुरक्षा प्रभारी के नेतृत्व में दल बल के साथ बाबतपुर एयरपोर्ट पर चेकिंग अभियान चलाया। उधर, कैंट स्टेशन, रोडवेज बस स्टैंड पर निगहबानी बढ़ा दी गई है। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर धाम, श्रीसंकट मोचन मंदिर, दुर्गाकुंड, कचहरी, कलेक्ट्रेट आदि जगहों सहित संवेदनशील इलाकों के सुरक्षा को लेकर अफसर सतर्क है। उधर, गणतंत्र दिवस के एक दिन पहले बाजारों में तिरंगे की खरीददारी के लिए भीड़ उमड़ती रही। तिरंगा पगड़ी, तिरंगा टोपी, तिरंगा हेयर बैंड, ब्रेसलेट, पेंडेंट रिबन सहित बैज की जमकर बिक्री हुई।