लगन से लक्ष्य को पाने में जुटे रहें तो लोग आपको तलाश ही लेंगे : गगनदीप सिंह डिडयाला

Share

29HENT4 लगन से लक्ष्य को पाने में जुटे रहें तो लोग आपको तलाश ही लेंगे : गगनदीप सिंह डिडयाला

‘दिल दियां गल्लां’ में अमरिंदर चड्ढा का किरदार कर रहे हैं लखनऊ के गगनदीप सिंह डिडयाला

लखनऊ, 29 जनवरी (हि.स.)। लखनऊ के थियेटर आर्टिस्ट गगनदीप सिंह डिडयाला ‘सब टीवी’ पर शुरू हुए नए धारावाहिक ‘दिल दियां गल्लां’ में अहम भूमिका निभा रहे हैं। बीते 12 दिसम्बर से शुरू हुआ रश्मि शर्मा टेलीफिल्म्स का यह नया शो दर्शकों के दिलों पर धीरे-धीरे राज करता नजर आ रहा है। सीरियल में गगन अमरिंदर चड्ढा का किरदार कर रहे हैं।

गगन लखनऊ के ओमेक्स सिटी में रहते हैं और एक दशक से भी ज्यादा यहां के रंगमंच में सक्रिय रहे हैं। गगनदीप सिंह डिडयाला अपने इस किरदार से बहुत खुश हैं। बातचीत में उन्होंने बताया कि मुंबई की भीड़ में अपनी पहचान बनाना, अक्सर ही बहुत मुश्किल होता है, पर जब आप कड़ी मेहनत और लगन से अपने लक्ष्य को पाने में जुटे रहें तो सही लोग आपको तलाश ही लेते हैं। ऐसा ही मेरे साथ हुआ। बीते महीने सब टीवी पर ही आने वाले एक दूसरे धारावाहिक ‘वागले की दुनिया’ में गगनदीप सिंह डिडयाला ने एक छोटा कैमियो किरदार किया था, जिसके टेलीकास्ट होने के बाद प्रोडक्शन और चैनल ने उनके किरदार की खूब तारीफ की, जिसके बाद उन्होंने अब नए शो में अपनी जगह बनाई।

सोमवार से शनिवार शाम 7ः30 बजे सब टीवी पर प्रसारित हो रहे इस शो में गगनदीप उर्फ चड्ढा इस वक्त शो का क्लाइमैक्स बदलते नजर आ रहे हैं जो कि शो में बिछड़े दो भाइयों की सुलह कराकर उनको परिवार के करीब लाने की कोशिश कर रहे हैं। गगनदीप बताते हैं कि आने वाला ट्रैक भी काफी मजेदार है जो की दर्शकों को शो के प्रति और आकर्षित करेगा।