05HREG254 विद्वता और त्याग की प्रतिमूर्ति थे महामंडलेश्वर स्वामी हंस प्रकाशः कपिल मुनि
हरिद्वार, 05 जनवरी (हि.स.)। प्राचीन अवधूत मंडल आश्रम के पूर्व अध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी हंस प्रकाश महाराज की 10वीं पुण्यतिथि के अवसर पर प्राचीन अवधूत मंडल आश्रम में संत समाज जनप्रतिनिधियों श्रद्धालु भक्तों का सैलाब उमड़ा।
इस अवसर पर हरे राम आश्रम के परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी कपिल मुनि महाराज की अध्यक्षता में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन हुआ, जिसमें ब्रह्मलीन महामंडलेश्वर स्वामी हंस प्रकाश महाराज को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस श्रद्धांजलि सभा में श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए सभा के अध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी कपिल मुनि महाराज ने कहा कि ब्रह्मलीन स्वामी हंस प्रकाश महाराज सरलता विद्वता और त्याग की प्रतिमूर्ति थे। उन्होंने अपने जीवन काल में प्राचीन अवधूत मंडल आश्रम को आगे बढ़ाने का काम किया। उनके जीवनकाल में ही भगवानदास संस्कृत महाविद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में अद्वितीय प्रगति की। संत जनों का आभार प्रकट करते हुए वर्तमान पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर स्वामी रूपेन्द्र प्रकाश महाराज ने कहा कि संतों के आशीर्वाद से निरंतर प्राचीन अवधूत मंडल आश्रम सेवा, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में निति नए आयाम स्थापित कर रहा है। स्वामी राम प्रकाश हॉस्पिटल उसका एक उदाहरण है।
इस अवसर पर महामंडलेश्वर हरि चेतनानंद, महामंडलेश्वर प्रेमानंद, महामंडलेश्वर स्वामी प्रबोधानंद, गिरि साध्वी प्राची, महामंडलेश्वर स्वामी मैत्री गिरी, स्वामी ऋषिश्वरानंद, लाल माता मंदिर के संचालक भक्त दुर्गा दास, बाबा हठयोगी, महंत दुर्गादास, महंत दामोदर दास, महंत गंगादास, हरिद्वार के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक, रुड़की के मेयर गौरव गोयल, हरिद्वार की मेयर अनीता शर्मा, ऋषिकेश की मेयर अनीता ममगई, विधायक आदेश चौहान, पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन सहित राजनीति क्षेत्र, संघ्,ा भाजपा, विश्व हिंदू परिषद आदि के पदाधिकारियों ने उपस्थित होकर ब्रह्मलीन महामंडलेश्वर स्वामी हंस प्रकाश को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। सभा का संचालन आचार्य हरिहरानंद ने किया।