चाइनीज मांझा : विरोध में सड़कों पर उतरे यमराज

Share

23HREG101 चाइनीज मांझा : विरोध में सड़कों पर उतरे यमराज

हरिद्वार, 23 जनवरी (हि.स.)। लोगों और पक्षियों के लिए जानलेवा साबित हो रहे चाइनीज मांझा की बिक्री पर रोक लगाने के लिए हरिद्वार में अनोखा जनजागरण अभियान चलाया गया। इस दौरान यमराज ने सड़कों पर उतरकर लोगों को चाइनीज मांझा से होने वाली दुर्घटनाओं के बारे में समझाया। अभियान के लोागों ने ज्वालापुर कोतवाली और सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर चाइनीज मांझे की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की।

चाइनीज मांझे की बिक्री और उससे होने वाले खतरें के प्रति आगाह करने के लिए यमराज बने कलाकार मेरठ के प्रशांत शर्मा ने चाइनीज मांझे को को लेकर लोगों को जागरूक किया। उन्होंने लोगों को चाइनीज मांझे के कारण सड़क पर चल रहे लोगों के लिए कैसे खतरनाक है, यह भी समझाया। उन्होंने कहा कि आए दिन सुनने में आ रहा है कि चाइनीज मांझे से सड़क पर चल रहे लोग दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। कई बार तो लोगों की जान पर तक बन आती है। इसलिए वे जिला प्रशासन से चाइनीज मांझे की बिक्री पर रोक लगाने की मांग करते हैं।

समाजसेवी दिनेश जोशी ने कहा कि चाइनीज मांझे से बच्चों और सड़क पर चले रहे लोगों की गर्दन कट रही है। जिला प्रशासन चाइनीज मांझे बनाने वाली फैक्टरियों ओर मांझा बेचने वाले व्यापारियों पर कार्रवाई नहीं कर रहा है। उनको जगाने के लिए यह अनोखा प्रदर्शन किया जा रहा है, जिसमे खुद यमराज सड़कों पर उतर लोगों, राजनेताओं और जिला प्रशासन को जगाने का कार्य कर रहे हैं। दिनेश जोशी ने कहा कि न्यायालय और भारत सरकार ने इस चाइनीज मांझे को प्रतिबंधित किया है। उसके बाद भी मात्र खानापूर्ति के लिए कार्रवाई की जाती है।

चाइनीज मांझे की बिक्री पर कार्रवाई को लेकर सिटी मजिस्ट्रेट अवधेश कुमार का कहना है कि उन्होंने प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की रोकथाम के लिए सभी संबंधित थानाध्यक्षों को निर्देशित किया है। साथ ही बाजार में छापेमारी की गई, लेकिन चाइनीज मांझा नहीं मिला। उधर प्रदर्शन करने आए लोगों ने कहा कि व्यापारी चोरी छुपे चाइनीज मांझा बेच रहे हैं। उन्होंने कहा कि इनकी शिकायत का संज्ञान लेते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।