परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम में विधायक कौशिक ने छात्राओं की जिज्ञासाओं को किया शांत

Share

21HREG286 परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम में विधायक कौशिक ने छात्राओं की जिज्ञासाओं को किया शांत

हरिद्वार, 21 जनवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री के बहुद्देशीय कार्यक्रम परीक्षा पर चर्चा के अंतर्गत राजकीय कन्या इंटर कॉलेज ज्वालापुर हरिद्वार में कार्यक्रम हुआ। इसमें विधायक हरिद्वार मदन कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। विधायक कौशिक और प्रधानाचार्य ने कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया। छात्राओं ने मुख्य अतिथि से परीक्षा पर आने वाली कठिनाइयों और तनावमुक्त कैसे रहें और प्रश्न पूछे।

छात्राओं के प्रश्नों का जवाब देते हुए विधायक कौशिक ने कहा कि परीक्षाओं में कभी भी समस्याग्रस्त या तनाव युक्त नहीं बनाना चाहिए। जिस प्रकार से हम अपने तमाम प्रकार के तीज एवं त्योहारों को एक पर्व के रूप में मनाते हैं और वर्षभर उनके आने की प्रतीक्षा करते हैं और हर्षोल्लास के साथ हम उस पर्व को मनाते हैं, बिल्कुल इसी प्रकार से हमें अपनी परीक्षाओं को सुलभ एवं सरल बनाना चाहिए। परीक्षा को भी एक पर्व के रूप में वर्ष भर तैयारी करके हर्ष के साथ परीक्षाओं में प्रतिभाग करना चाहिए।

इसी श्रृंखला में जूनियर और सीनियर वर्ग की कला प्रतियोगिता भी हुई। सीनियर वर्ग में राजकीय कन्या इंटर कॉलेज ज्वालापुर की दीक्षा सैनी और जूनियर वर्ग में राजकीय कन्या इंटर कॉलेज ज्वालापुर की श्रेया रौतेला ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। निर्णायक की भूमिका में राजकीय कन्या इंटर कॉलेज ज्वालापुर की अध्यापिका श्रीमती सुषमा भास्कर व राजकीय इंटर कॉलेज पथरी के प्रधानाचार्य श्री रावत ने निभाई।

कार्यक्रम में विकास तिवारी जिला उपाध्यक्ष भाजपा, राजेश शर्मा मंडल अध्यक्ष मध्य हरिद्वार, तरुण नैय्यर मंडल अध्यक्ष सप्तऋषि मंडल, हीरा सिंह बिष्ट मंडल अध्यक्ष कनखल, विशाल गर्ग, एडवोकेट राजकुमार, नेपाल सिंह, पार्षद प्रदीप मेहता, संजय पुंडीर एवं संजय पाल की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती अंजना लखरिया ने किया।