स्वामी कैलाशानंद जगदीश कुटीर आश्रम के उत्तराधिकारी नियुक्त

Share

20HREG190 स्वामी कैलाशानंद जगदीश कुटीर आश्रम के उत्तराधिकारी नियुक्त

हरिद्वार, 20 जनवरी (हि.स.)। महामंडलेश्वर स्वामी हरिचेतनानंद महाराज ने कहा कि राष्ट्र की एकता अखंडता बनाए रखने में संत समाज ने हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है। युवा संत राष्ट्र की धरोहर हैं जो धर्म एवं संस्कृति के संरक्षण संवर्धन में अपना सहयोग प्रदान कर रहे हैं।

भूपतवाला स्थित जगदीश कुटीर आश्रम में ब्रह्मलीन स्वामी माधवानंद गिरी महाराज के श्रद्धांजलि कार्यक्रम में स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज के पट्टाभिषेक के दौरान श्रद्धालु भक्तों को संबोधित करते हुए स्वामी हरिचेतनानंद महाराज ने कहा कि स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज युवा संत हैं। संत समाज आशा करता है कि वह अपने गुरु के पद चिन्हों पर चलकर धर्म के नए आयाम स्थापित करेंगे।

योगी सत्यव्रतानंद, महामंडलेश्वर स्वामी कमलेशानंद एवं राजा स्वामी महाराज ने कहा कि योग्य गुरु को ही सुयोग्य शिष्य की प्राप्ति होती है। गुरु शिष्य परंपरा संपूर्ण विश्व में भारत को महान बनाती है। संत समाज नवनियुक्त महंत स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज को आशीर्वाद प्रदान करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना करता है।

कार्यक्रम में पधारे सभी संत-महापुरुषों का आभार व्यक्त करते हुए जगदीश कुटीर के नवनियुक्त उत्तराधिकारी स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज ने कहा कि जो दायित्व उन्हें संत समाज द्वारा सौंपा गया है उसका वह पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे। कार्यक्रम का संचालन स्वामी हरिहरानंद महाराज ने किया।