30HREG138 उज्ज्वल हरिद्वार अभियान के तहत हुई चित्रकला प्रतियोगिता
हरिद्वार, 30 जनवरी (हि.स.)। छोटे-छोटे बच्चों और हरिद्वार की युवा शक्ति ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण विषय पर आधारित नगर निगम हरिद्वार और ट्री ट्रस्ट ऑफ इंडिया की संचालित उज्ज्वल हरिद्वार अभियान के तहत स्वच्छ हरिद्वार, हरित हरिद्वार थीम पर विशाल चित्रकला प्रतियोगिता में दस हजार प्रतिभागियों ने एक साथ मेरा हरिद्वार, मैं हूं जिम्मेदार का भाव पैदाकर चित्रकारी की।
बोर्ड की परीक्षा या अन्य प्रतियोगात्मक परीक्षाओं की तरह ही पूरे हरिद्वार के कोने-कोने तक प्रतियोगिता केंद्र बनाकर ड्राइंग शीट उपलब्ध करायी गईं हैं और सभी केंद्रों पर व्यवस्था प्रभारी तैनात करने के साथ चारों जोनों में चार-चार ऑब्जर्वर का सचल दस्ता निरीक्षण में लगाया गया। इस बारे में ट्री ट्रस्ट ऑफ इंडिया के निदेशक, कार्यक्रम क्रियान्वयन रंजीत सिंह ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नगर आयुक्त दयानंद सरस्वती और महापौर अनिता शर्मा के साथ ग्रीनमैन ऑफ इंडिया विजयपाल बघेल जो नगर निगम हरिद्वार के ब्रांड एंबेसडर भी हैं उनके कुशल मार्गदर्शन में इस विशालकाय प्रतियोगिता के संचालन को हरिद्वार नगर निगम क्षेत्र को चार भागों में विभाजित किया गया है।
प्रतियोगिता केंद्रों वाले सभी विद्यालयों के प्रबंधक और प्रधानाचार्यों के साथ समाजसेवी जगदीश लाल पाहवा, चेतन्य गुरु, विजयसिंह पाल, डा विशाल गर्ग, विजेंदर पालीवाल, गार्गी तनेजा, दीपक कुंटेरा, डा राजीव शर्मा, डा एसपी सिंह, एस एस राणा, विकी तनेजा, यशकरण, तेलूराम पाल, रविंद्र गोयल, निवेदिता आदि का सहयोग सराहनीय रहा।