संदिग्ध अवस्था में रेल पटरी के पास मिला अर्द्धनग्न विदेशी सैलानी

Share

22HREG50 संदिग्ध अवस्था में रेल पटरी के पास मिला अर्द्धनग्न विदेशी सैलानी

हरिद्वार, 22 जनवरी (हि.स.)। स्थानीय निवासियों ने रविवार की सुबह भीमगोड़ा के हनुमान मंदिर के पास एक विदेशी सैलानी को संदिग्ध अवस्था में अर्धनग्न हालत में देखा। वह रेल की पटरी के पास रात से ही बैठा हुआ था। इसकी सूचना स्थानीय निवासियों ने पुलिस को दी। पुलिस और स्थानीय निवासियों ने मिलकर विदेशी सैलानी को कपड़े पहनाए और अस्पताल भेजा। सैलानी कुछ भी बोलने की हालत में नहीं था।

शहर कोतवाली इंचार्ज भावना ने बताया कि उन्हें सुबह जानकारी मिली कि भीमगोड़ा के हनुमान मंदिर के एक विदेशी सैलानी के रेल की पटरी के पास बैठा है। इसके बाद तुरंत हरकी पौड़ी चौकी से एक टीम वहां पर भेजी गई। पुलिस ने मौके पर देखा कि विदेशी सैलानी ठंड की वजह से बात करने की हालत में नहीं है। उसे स्थानीय लोगों की मदद से उठाकर रेल की पटरी से दूर किया गया और कपड़े पहनाए गए। इसके बाद सैलानी को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस के मुताबिक यह विदेशी सैलानी कहां का है, इसकी जानकारी अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस सैलानी से जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। फिलहाल, उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। पुलिस का कहना है कि सैलानी की तबीयत में सुधार होते ही, आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस यह भी पता करने का प्रयास कर रही है कि यह सैलानी अगर हरिद्वार घूमने आया था तो यह हनुमान मंदिर के पास कैसे पहुंचा। इसके साथ ही पुलिस सैलानी के कपड़ों और उसकी जरूरी चीजों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।