22HREG101 प्राकृतिक खेती की ट्रेनिंग को हरिद्वार से किसानों का दल कुरुक्षेत्र रवाना
हरिद्वार, 22 जनवरी (हि.स.)। जैविक खेती के साथ-साथ अब अपने उत्तराखंड प्रदेश में प्राकृतिक खेती का कार्यक्रम भी शुरू किया जा रहा है। इसके लिए प्रदेश से 100 किसानों को चुना गया है। किसानों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण हरियाणा के कुरुक्षेत्र स्थित गुरुकुल में किया जाएगा। जिसमें जनपद हरिद्वार के 10 प्रगतिशील किसान भी प्रतिभाग कर रहे हैं।
देश में लगातार बढ़ रही फसलों में रसायन की खपत को कम करने के लिए पिछले करीब एक दशक से भारत सरकार जैविक कृषि पर विशेष ध्यान दे रही है। अब सरकार की ओर से प्रकृति की खेती कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। इसके लिए उत्तराखंड प्रदेश से 100 किसानों का एक दल हरियाणा के कुरुक्षेत्र स्थित गुरुकुल के लिए रविवार को रवाना हो गया।
किसानों को 23 से 25 जनवरी तक प्राकृतिक खेती के संबंध में तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें हरिद्वार के 10 किसान भी प्रतिभाग कर रहे हैं जो जनपद में आकर रसायन मुक्त खेती करेंगे। इसके लिए जनपद के किसानों को भी जागरूक करेंगे। किसानों में चौधरी सुभाष, शिवकुमार त्यागी, सत्येंद्र त्यागी, एडीओ कृषि अशोक शर्मा, गणपत सिंह सैनी, चौधरी ओमवीर, रजनेश सैनी, कंवरपाल आदि शामिल रहे।