28HREG48 किसानों को दी बांस के पोल लगाकर सब्जी उगाने की जानकारी
हरिद्वार, 28 जनवरी (हि.स.)। चमोली जनपद से आई महिला किसानों को बांस के पोल लगाकर सब्जी लगाने की तकनीक की जानकारी दी गई। इसके साथ ही महिलाओं को कम लागत में प्राकृतिक खेती की करने की भी जानकारी दी गई।
बायफ संस्था के तत्वावधान में विकासखंड बहादराबाद के गांव मीरपुर में एक दिवसीय कार्यशाला हुई। इसमें मास्टर ट्रेनर गणपत सिंह ने जनपद चमोली के तपोवन से आये 15 महिला किसानों के दल को सब्जियों में बांस के पोल लगाकर और उसमें ऊपर लोहे के तार के साथ प्लास्टिक से जाली बनाकर सब्जियां उगाने की जानकारी दी गई। इस विधि से किसान अपनी फसल का उत्पादन बढ़ाने के साथ फलों की अच्छी गुणवत्ता भी पा सकेंगे।
इसके अलावा उन्होंने गाय के गोबर और गोमूत्र से प्राकृतिक खेती करने की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि फसलों में लगातार उर्वरक और कीटनाशक दवाइयां प्रयोग करने से भूमि बंजर हो रही है। फसलों के जरिए उनका अंश मानव शरीर में पहुंच रहा है। इससे लोग लगातार बीमार हो रहे हैं। इससे बचने के लिए उन्होंने महिला किसानों को प्राकृतिक खेती गौ आधारित प्राकृतिक खेती अपनाने की जानकारी दी।
इस मौके पर बायफ के अधिकारी प्रियंका मंडोली, रामरक्षा जोशी, राकेश कुमार आदि मौजूद रहे।