27HREG89 हरिद्वार में निकली हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा
देहरादून, 27 जनवरी (हि.स.)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अगुवाई में आयोजित “भारत जोड़ो यात्रा” अब अपने समापन की ओर है।इस बीच पार्टी ने उत्तराखंड सहित देशभर में 26 जनवरी से “हाथ से हाथ जोड़ो अभियान” की शुरुआत की है। उत्तराखंड में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा के नेतृत्व में राजधानी देहरादून सहित सभी जिला एवं महानगरों तथा विधानसभा क्षेत्रों में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान का शुभारम्भ किया गया।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष संगठन एवं प्रशासन मथुरादत्त जोशी ने बताया कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के नेतृत्व में प्रदेश कार्यालय से अभियान का शुभारम्भ किया गया। इसके बाद गांधी पार्क, घण्टा घर होते हुए दर्शनलाल चौक एवं पुन: कांग्रेस भवन तक हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की यात्रा निकाली गई।
जोशी ने बताया कि शुक्रवार को प्रदेश अध्यक्ष माहरा के नेतृत्व में गंगा पूजन के साथ हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र में “हाथ से हाथ जोड़ो अभियान” का शुभारम्भ किया गया। इस अवसर पर हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के लोकसभा प्रभारी पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत एवं लोकसभा संयोजक पूर्व मंत्री नवप्रभात भी उपस्थित थे।