पुरानी पेंशन के मामले में सरकार गम्भीर : संजय राय

Share

19HREG152 पुरानी पेंशन के मामले में सरकार गम्भीर : संजय राय

कहा,दोनों शिक्षक एमएलसी व तीनों शिक्षक स्नातक सीटों पर चुनाव हम ही जीतेंगे

झांसी,19 जनवरी(हि. स.)। पुरानी पेंशन के मामले में भाजपा सरकार गम्भीर है। मैं समय तो नहीं बता सकता, लेकिन जल्द इस समस्या का समाधान सभी के सामने होगा। न केवल शिक्षक बल्कि अन्य कर्मचारियों को भी इसका लाभ मिलेगा। यह कहना है भाजपा के पूर्व प्रदेश मंत्री,पूर्व प्रवक्ता व एमएलसी शिक्षक चुनाव के प्रदेश सह प्रभारी बनाए गए संजय राय का। वह हिन्दुस्थान समाचार से पहली बार भाजपा की ओर से शिक्षक एमएलसी चुनाव में उतारे गए प्रत्याशी को जिताने की रणनीति पर वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा पूरी योजना रचना के साथ चुनाव मैदान में है और दोनों शिक्षक एमएलसी व तीनों शिक्षक स्नातक सीटों पर चुनाव हम ही जीतेंगे।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी चाहे एमएलसी का चुनाव हो, लोकसभा का चुनाव, विधानसभा का चुनाव हो,या फिर नगर निगम का ही चुनाव क्यों न हो, ठीक से लड़ती है। अभी चुनाव होने जा रहा है शिक्षक एमएलसी के लिए 2 सीटों पर जो प्रयागराज झांसी और दूसरा कानपुर उन्नाव इन दोनों सीटों पर भारतीय जनता पार्टी चुनाव जीतेगी। इसके साथ ही स्नातक के भी 3 सीटों पर चुनाव हो रहे हैं । तीनों पर भारतीय जनता पार्टी ही जीतेगी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि हमारा संघर्ष बहुत पुराना है। एक जमाने में जब हम जनसंघ के रूप में काम करते थे। छोटे से छोटे चुनाव की जीत की खुशी मनाते थे। हमारा संघर्ष लंबा है। आज के समय में प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी, राष्ट्रीय अध्यक्ष व प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में कोई भी ऐसा चुनाव नहीं जो भाजपा न जीते। यहां तक कि सहकारिता में भी हमने पिछली बार पूरे योजना के तहत चुनाव लड़ा। भारतीय जनता पार्टी 365 दिन 24 घंटे काम करने वाली पार्टी है। राष्ट्रीय पार्टी कांग्रेस या क्षेत्रीय दलों की तरह चुनावों के समय पर उभर कर आने वाली पार्टी नहीं। यह लोग जाति के आधार पर परिवार के आधार पर सरकार बनाते हैं और भ्रष्टाचार कर अपना घर भरना अपनी झोली भरना यह इनका काम है। भारतीय जनता पार्टी सभी जातियों, सभी वर्गों को लेकर चलने वाली पार्टी है। हम तो एकात्म मानव दर्शन, यत्पिण्डे तत्ब्रह्मांडे में विश्वास करने वाले लोग हैं। हम किसी भी जाति भेद में विश्वास नहीं रखते। पूरे भारत को पार्टी अपना मानती है और जब तक एक-एक व्यक्ति भाजपा को नहीं मानने लगेगा, ऐसे ही परिश्रम करते रहेंगे। जनकल्याणकारी नीतियों और सरकारों की बदौलत हम जनता के बीच में हैं और हमारा जनाधार है।

जहां हम खड़े हैं, उससे अच्छा होने की हमेशा गुंजाइश होती है। शिक्षकों के हित में अभी बहुत सारा कार्य प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी के कार्यकाल में हुआ है। बड़ा भ्रष्टाचार था लेकिन अब सुधार होता जा रहा है। पुरानी पेंशन के मामले में भाजपा पूरी तरह से गंभीर है और इसे भी जल्दी निस्तारित कर लिया जाएगा। हमने शैक्षिक कैलेंडर, 180 दिन पढ़ाई करना सुनिश्चित करते हुए समय से रिजल्ट आता है। नकल विहीन परीक्षा होती है। नकल माफिया पर नकेल कसी है। हमारी सरकार ने शिक्षकों की तमाम छोटी-बड़ी मांगों को हल किया है। हमारे इरादे नेक है इसलिए देर सवेर हम अच्छे निर्णय लेकर आएंगे और शिक्षकों के हित में कार्य करेंगे।