तीन दिवसीय उत्तराखंड बालिका हॉकी प्रतियोगिता शुरू

Share

05HREG451 तीन दिवसीय उत्तराखंड बालिका हॉकी प्रतियोगिता शुरू

हरिद्वार, 05 जनवरी (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय मंत्री और हरिद्वार सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने बृहस्पतिवार को वंदना कटाारिया हॉकी स्टेडियम में तीन दिवसीय उत्तराखंड राज्य आमंत्रण बालिका हाकी प्रतियोगिता-2023 का उद्घाटन किया। इसमें आठ जनपदों -देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, चम्पावत, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, पौढ़ी तथा उधमसिंह नगर की हाकी टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।

डॉ. निशंक ने इस अवसर पर आवासीय बालिका छात्रावास के खिलाड़ियों को सांसद निधि से एक बस उपलब्ध कराने की घोषणा की। सांसद डा. निशंक ने हाकी खिलाड़ी वंदना कटारिया का जिक्र करते हुए कहा कि वंदना कटारिया ने हॉकी के क्षेत्र में प्रदेश व देश का नाम ऊंचा किया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की बालिकाएं हर क्षेत्र में देश व प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं।

हरिद्वार डॉ. निशंक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘खेलो इंडिया अभियान‘ के तहत प्रतिभाओं को उभारने का अभियान चलाया है, जिसके तहत प्रदेश स्तर पर जिस ढंग से प्रतियोगिताएं हो रही है, उनमें कई प्रतिभाएं उभर कर सामने आयेंगी। इस मौके पर वंदना कटारिया की माता शोरण देवी को सम्मानित किया गया।

उद्घाटन के अवसर पर विधायक आदेश चौहान, किरण चौधरी, अध्यक्ष जिला पंचायत, प्रतीक जैन, मुख्य विकास अधिकारी, सुनील डोभाल, सहायक निदेशक, खेल, श्री वीर सिंह बुधियाल, अपर जिलाधिकारी, संदीप गोयल, जिलाध्यक्ष भाजपा हरिद्वार, जयपाल चौहान, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा हरिद्वार, आशु चौधरी, जिला महामंत्री भाजपा, आरके सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रदीप कुमार, प्र.जिला क्रीड़ा अधिकारी, मीरा कैन्तुरा, जिला आपदा प्रबन्धन अधिकारी उपस्थित थे।